Subscribe:

Ads 468x60px

कुल पेज दृश्य

शुक्रवार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शुक्रवार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 3 मई 2019

अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस और ब्लॉग बुलेटिन


नमस्कार साथियो,
आज, 3 मई को अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस (World Press Freedom Day) मनाया जाता है. इसे मनाने का निर्णय 1991 में यूनेस्को और संयुक्त राष्ट्र के जनसूचना विभाग ने मिलकर किया था. इस निर्णय के पूर्व नामीबिया में हुए एक सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रेस की आज़ादी को जनसंचार की आज़ादी के रूप में देखा जाना चाहिए. इसके बाद प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रतिवर्ष 3 मई को अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाने लगा. यह दिवस प्रेस की स्वतंत्रता का मूल्यांकन, उसकी स्वतंत्रता की रक्षा तथा प्रेस में सेवारत रहते हुए दिवंगत हुए संवाददाताओं को श्रद्धांजलि देने का भी दिन है. इसके बाद भी देखा जाये तो प्रेस अपने इसी दायित्व का निर्वहन भी सही ढंग से नहीं कर रहा है. अपनी आज़ादी का उचित दायित्व निर्वहन तो अलग वह अपने अंग रहे लोगों को श्रद्धांजलि देने का काम भी उचित ढंग से नहीं कर रहा है. कम से कम आज के दिन तो खबरों में झूठ बोलने से, उनको टीआरपी के झमेले में पड़ने से परहेज करना चाहिए था. अनावश्यक विचारों, बयानों के प्रसारण से बचा जाना चाहिए था. जनहित सम्बन्धी खबरों के स्थान पर मिर्च-मसालेदार खबरों के प्रसारण से परहेज किया जाना चाहिए था, मगर ऐसा होता नहीं दिखता. 


आज यह कि भले ही कहा जाये कि प्रेस जनता का आइना है, मगर असलियत यह है कि प्रेस ने जनता को गुमराह करने का काम किया है. यही कारण है कि आज़ादी की माँग के साथ-साथ प्रेस पर नियंत्रण रखने के लिए कुछ नियम और संगठन बने हुए हैं. ये समय-समय पर प्रेस को अपने दायरे में रहकर काम करते रहने की याद दिलाते रहते हैं. सत्यता तो यह है कि प्रेस की आज़ादी को छीनना एक तरह से देश की आज़ादी को छीनने जैसा ही है. वर्तमान में चीन, जापान, जर्मनी, पाकिस्तान जैसे देशों में प्रेस को पूर्णत: आज़ादी नहीं है. यहां प्रेस पर सरकार का सीधा नियंत्रण है. इस दृष्टि से भारत में प्रेस की स्थिति अत्यंत सशक्त है.

इसके बाद भी यहाँ प्रेस में बहुतेरे लोग अपनी हनक दिखाने के लिए प्रविष्ट होने लगे हैं. इनका उद्देश्य जन-जागरूकता फैलाने के बजाय अपनी धाक जमाना ही अधिक होता है. ऐसे लोग अपने आपको स्थापित करने लिए मीडिया का रास्ता चुनते हैं. ऐसे लोगों से प्रेस को बचने की आवश्यकता है. उसे समझना होगा कि प्रेस की आज़ादी का अर्थ किसी सन्दर्भ में किसी भी तरह की खबर का प्रसारण कर देना नहीं है. प्रेस को इस बात का संज्ञान लेना होगा कि किसी पूर्वाग्रह के साथ खबरों का, विचारों का प्रसारण न हो. यदि ऐसा होता है तो यह प्रेस की अक्षमता ही है, साथ ही समाज के लिए अहितकर भी है.
आज की बुलेटिन इस कामना के साथ कि अंतर्राष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर प्रेस अपनी वास्तविक आज़ादी का मूल्य समझती हुई जनमानस की वैचारिक स्वतंत्रता की रक्षा करेगी. उसके वैचारिक मूल्यों की रक्षा करेगी.

++++++++++













शुक्रवार, 1 फ़रवरी 2019

देश के आम जनमानस का बजट : ब्लॉग बुलेटिन

नमस्कार साथियो,
वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा अपना अंतिम बजट अंतरिम बजट के रूप में प्रस्तुत किया गया. इस बजट में आम आदमी, किसान, श्रमिकों का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है. कुछ विशेष बिन्दुओं को रखते हुए इस बजट पर चर्चा का प्रयास रहेगा.

वेतनभोगियों, कर्मचारियों के लिए -
पाँच लाख रुपये तक की आय के साथ डेढ़ लाख रुपये तक की बचत भी करमुक्त.
स्टैण्डर्ड डिडक्शन 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये.
40 हजार रुपये तक के बैंक ब्याज पर टैक्स नहीं. पहले यह सीमा 10 हजार रुपए तक थी.
पीएफ खाताधारकों को 6 लाख रुपये का बीमा किये जाने का प्रावधान.
कर्मचारियों को नई पेंशन स्कीम में सरकार के योगदान को चार प्रतिशत से बढ़ाकर चौदह प्रतिशत किया गया.
21 हजार रुपए प्रतिमाह कमाने वाले कर्मचारियों को 7 हजार रुपए बोनस.
ग्रैच्युटी की सीमा दस लाख रुपये से बढ़ाकर बीस लाख रुपए की गई.

किसानों के लिए -
देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जबकि 22 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य लागत से कम से कम 50 फीसदी अधिक निर्धारित किया गया है.
छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि नामक योजना को मंजूरी.
दो हेक्टेयर (लगभग 5 एकड़) तक की भूमि वाले किसानों को 6000 रुपए प्रति वर्ष देने का निर्णय. यह रकम दो-दो हजार रुपए की तीन बराबर किश्तों में सीधे किसानों के खाते में जाएगी.
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने वाले सभी किसानों के लिए ब्याजमाफी योजना शुरू.
इसमें दो प्रतिशत ब्याज और समय पर कर्ज लौटाने वाले किसानों को तीन प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज माफी का लाभ मिलेगा. कुल मिलाकर उन्हें ब्याज में पाँच प्रतिशत की छूट मिल सकेगी.
पशुपालन-मछलीपालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड से लिए कर्ज के ब्याज में दो प्रतिशत ब्याज की छूट.

श्रमिकों के लिए -
रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक, कूड़ा बीनने वाले, खेती कामगार, बीड़ी बनाने वाले जैसे असगंठित क्षेत्र से जुड़े कामगारों को 60 साल की उम्र के बाद तीन हजार रुपए प्रति महीने की पेंशन देने का प्रावधान.
यह योजना 15000 रुपये तक मासिक आय वाले असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए. इसका नाम प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन वृहद पेंशन योजना रखा जाएगा.


वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत अपने अंतिम बजट, जो अंतरिम बजट है, में माध्यम वर्ग को ज्यादा महत्त्व दिया गया. इस बजट के सम्पूर्ण विश्लेषण के बाद पता चलेगा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में यह किस तरह का असर डालेगा किन्तु इस अंतिम बजट से वेतनभोगियों को, किसानों को और श्रमिकों को खुश करने का प्रयास सरकार द्वारा किया गया है. विगत चार वर्षों से अधिक के कार्यकाल में सरकार पर आरोप लगते रहे कि वह किसानों और श्रमिकों के हितों को ध्यान में नहीं रख रही है. वेतनभोगियों, कर्मचारियों के हितों की उपेक्षा का भी आरोप उस पर जब-तब लगता रहा है. इसके साथ-साथ सरकार को चंद गिने-चुने व्यवसायियों की सरकार कहा जाने लगा था.

इस बजट से ऐसी भ्रान्ति दूर होनी चाहिए. वेतनभोगियों से इतर इस बजट में जिस तरह से किसानों और श्रमिकों के लिए योजनाओं को बनाया गया है वह सरकार की दूरदर्शी सोच को प्रकट करता है. छोटे किसानों के लिए वार्षिक सहायता भले ही देखने में छोटी लगे मगर व्यावहारिक रूप में बहुत सहायक सिद्ध होगी. आपदा के समय ब्याज में छूट को सहायता भले माना जाए किन्तु समय पर क़र्ज़ लौटाने वालों को अतिरिक्त ब्याज छूट अब किसानों को सही समय पर कर्ज जमा करने के लिए जरूर प्रोत्साहित करेगा.

इस बजट में तमाम ख़ास बातों में सबसे अधिक प्रशंसनीय श्रमिकों के लिए, असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हितार्थ योजना बनाना रहा है. अभी तक इनके प्रति गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा था. अक्सर ये श्रमिक मुसीबत के समय अकेले नजर आते थे. उम्रदराज होने के बाद इनके सामने रोजी-रोटी का, अपने जीवन-निर्वहन का संकट खड़ा हो जाता था. वर्तमान बजट में प्रस्तुत पेंशन योजना निश्चित ही इन्हें लाभान्वित करेगी और भविष्य के प्रति सुरक्षा का वातावरण पैदा करेगी.

यकीनन विरोधियों की नजर में इसे चुनावी वर्ष से सम्बंधित बजट बताया जायेगा किन्तु जिस तरह से बजट में आम आदमी का, मध्यम वर्ग का ध्यान रखा गया है वह भविष्य की अर्थव्यवस्था की पूर्व-पीठिका है. करोड़ों लोगों के हितार्थ एक कदम से योजना बनाना निश्चित रूप में भले ही चुनावी दाँव हो मगर यह आने वाले दिनों में भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रति सकारात्मकता जगायेगा. लोगों को आर्थक सशक्तिकरण के प्रति प्रोत्साहित करेगा.

आज के बजट से बस इतना ही, अब आज की बुलेटिन का आनंद लीजिये.

++++++++++






शुक्रवार, 9 मार्च 2018

अरे हुजूर वाह ताज बोलिए : ब्लॉग बुलेटिन


नमस्कार साथियो,
अरे हुजूर, वाह ताज बोलिए, ये वाक्य आप सभी को आज भी याद होगा. घुंघराले हुए, उलझे से बाल लिए एक व्यक्ति बिजली की तेजी से तबले पर अपनी उँगलियों के द्वारा मनोहारी धुन निकालता दिखता है. उसी बीच वाह उस्ताद वाह! के जवाब में वह व्यक्ति चाय का एक घूँट लेने के बाद यही वाक्य बोलता है. वो व्यक्ति और कोई नहीं बल्कि मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन हैं. उनका जन्म आज यानि कि 9 मार्च 1951 को हुआ था. वे मशहूर तबला वादक क़ुरैशी अल्ला रक्खा ख़ान के पुत्र हैं. ज़ाकिर हुसैन का बचपन मुंबई में ही बीता. महज 12 साल की उम्र में ही उन्होंने तबले के साथ संगत बैठाना शुरू कर दिया था. कॉलेज की शिक्षा के बाद वे खुद को कला के क्षेत्र में स्थापित करने में जुट गए. सन 1973 में उनका पहला एलबम लिविंग इन द मैटेरियल वर्ल्ड आया. उसके बाद तो उन्होंने रुकने का नाम नहीं लिया. उन्होंने अपने तबले की धुनें दुनिया भर में बिखेर दीं. इसी कारण वे भारत के साथ-साथ विश्व के विभिन्न हिस्सों में भी लोकप्रिय हैं.


उनकी कला प्रतिभा के चलते उनको पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित किया जा चुका है. सन 1988 में जब उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया तब उनकी उम्र महज 37 वर्ष थी. इतनी कम उम्र में यह पुरस्कार पाने वाले वे पहले व्यक्ति हैं. इसके बाद सन 2002 में संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त उनको सन 1992 और सन 2009 में संगीत का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रैमी अवार्ड भी मिल चुका है.

आज उनके जन्मदिन पर उनको शुभकामनायें.

++++++++++













शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2018

वीनस गर्ल आज भी जीवित है दिलों में : ब्लॉग बुलेटिन


नमस्कार साथियो,
आज वीनस गर्ल के रूप में प्रसिद्द अभिनेत्री मधुबाला की ४९वीं पुण्यतिथि है. मधुबाला का जन्म १४ फरवरी १९३३ को दिल्ली में एक पश्तून मुस्लिम परिवार मे हुआ था. मधुबाला का बचपन का नाम मुमताज़ बेग़म जहाँ देहलवी था. बालीवुड में उनका प्रवेश बेबी मुमताज़ के नाम से हुआ. उनकी पहली फ़िल्म सन १९४२ में प्रदर्शित बसन्त थी. देविका रानी बसन्त मे उनके अभिनय से बहुत प्रभावित हुयीं, तथा उनका नाम मुमताज़ से बदल कर मधुबाला रख दिया. उन्हें मुख्य भूमिका निभाने का पहला मौका केदार शर्मा ने अपनी फ़िल्म नील कमल, जो वर्ष १९४७ में प्रदर्शित हुई, में दिया. इस फ़िल्म में उन्होंने राज कपूर के साथ अभिनय किया. इस फ़िल्म मे उनके अभिनय के बाद उन्हें सिनेमा की सौन्दर्य देवी (Venus Of The Screen) कहा जाने लगा.


मधुबाला अपने अभिनय, अपनी कला के लिए समर्पित रहती थीं. इसका उदाहरण मुग़ल-ए-आज़म फिल्म के दौरान देखने को मिला. मुगल-ए-आज़म में उनका अभिनय विशेष उल्लेखनीय है. इस फ़िल्म मे सिर्फ़ उनका अभिनय ही नहीं बल्कि कला के प्रति समर्पण भी देखने को मिलता है. इसमें अनारकली की भूमिका उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनका लगातार गिरता हुआ स्वास्थ्य उन्हें इसकी अनुमति नहीं देता था कि वे अभिनय करें मगर वह भी उन्हें अभिनय करने से रोक रोक नहीं सका. उन्होंने इस फ़िल्म को पूरा करने का दृढ निश्चय कर लिया था. ऐसा बहुत कम कलाकारों में देखने को मिलता है. असल में मधुबाला हृदय रोग से पीड़ित थीं. इसकी जानकारी उन्हें वर्ष १९५० में उनके नियमित होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण में हो गई थी. इसके बाद भी उन्होंने इसको फ़िल्म उद्योग से छुपाया रखा. बाद में इलाज के लिये जब वे लंदन गयी तो डाक्टरों ने उनकी सर्जरी करने से मना कर दिया क्योंकि उन्हे डर था कि वो सर्जरी के दौरान बच नहीं पाएंगी. मधुबाला ने जिन्दगी के अन्तिम ९ साल बिस्तर पर ही बिताये. अंततः सौन्दर्य की मलिका, वीनस गर्ल २३ फ़रवरी १९६९ को इस संसार से बहुत दूर चली गई.

बुलेटिन परिवार की ओर से मधुबाला को हार्दिक नमन और श्रद्धा-सुमन अर्पित हैं.


++++++++++














शुक्रवार, 5 जनवरी 2018

सोशल मीडिया पर हम सब हैं अनजाने जासूस : ब्लॉग बुलेटिन

सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विचारों को अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता होने के कारण आज बहुतायत लोगों द्वारा इसे पसंद किया जा रहा है. कोई भी व्यक्ति सहजता से अपनी बात को वैश्विक स्तर तक पहुँचा रहा है. उसके लिए अब न किसी संस्थान की जरूरत है, न किसी सम्पादक की मनमर्जी का सवाल है. अब व्यक्ति पूरी स्वतन्त्रता के साथ अपने विचारों का प्रकटीकरण कर रहा है. वैचारिक स्वतन्त्रता के इस दौर में जहाँ किसी व्यक्ति को असीमित आसमान मिला है, वहीं निर्द्वन्द्व रूप से एक तरह का घातक हथियार भी उसके हाथ में लग गया है.


लोगों ने अपनी रुचियों को स्थापित करने का रास्ता भी तलाशा है. अव्यवस्थाओं के विरुद्ध एकजुट होना शुरू किया है. सरकार के कार्यों की प्रशंसा हुई तो उसकी बुराई भी की गई है. इसके बाद भी सोशल मीडिया पर मिली यह स्वतन्त्रता अपने साथ एक तरह की बुराई लेकर भी आई है. स्वतन्त्रता के अतिउत्साह में लोग इस तरह की सामग्री को सामने ला रहे हैं जो किसी भी रूप में समाज-हित में नहीं कही जा सकती हैं. सरकार, शासन, प्रशासन से सम्बन्धित लोगों ने इधर-उधर से, गोपनीय ढंग से जानकारी लेकर उसको सोशल मीडिया पर प्रकट करने का कार्य किया है. सरकारी आँकड़ों, खबरों को तोड़मरोड़ कर विकृत, भ्रामक रूप में प्रस्तुत किया जाने लगा है. धर्म, जाति को आधार बनाकर अन्य दूसरे धर्मों, जातियों पर टिप्पणी करने का काम अब इस मंच पर बहुतायत में होता दिखता है. और तो और व्यक्तियों द्वारा अपने जीवन की अंतरंगता को सामने रखा गया. पति-पत्नी के बीच की गोपनीयता को सार्वजनिक किया गया. इन कदमों को भले ही व्यक्तियों की जागरूकता का पैमाना समझा जाने लगा हो किन्तु जानकारी के स्तर पर, सूचनाओं के स्तर पर यह किसी खतरे से कम नहीं है.

हो सकता है कि बहुत से लोगों को ये कपोलकल्पना जैसा लगे किन्तु हम अनजाने अपने देश की, अपने समाज की, अपने परिवार की सूचनाओं को विदेशी हाथों में सहजता से पहुँचा रहे हैं. हम सब मुफ्त मिली स्वतन्त्रता और मुफ्त मिले मंच के द्वारा अनायास ही चित्रों, विचारों, तथ्यों द्वारा जानकारी, सूचना आदि खतरनाक हाथों में देते जा रहे हैं. हम सोशल मीडिया के माध्यम से सहजता से विदेशी मंचों तक सूचना प्रेषित करने में लगे हैं कि हमारे देश में कोई एक वर्ग किसी दूसरे वर्ग के प्रति क्या सोच रखता है. एक जाति के लोग दूसरी जाति के लिए किस तरह की सोच रखते हैं. सोचने वाली बात है कि कहीं हम सब विचाराभिव्यक्ति के अतिउत्साह में स्वयं ही तो सभी सूचनाएँ, जानकारियाँ विदेश तो नहीं भेजे दे रहे? हम सभी को ये विचार करना होगा कि सबकुछ पोस्ट कर देने, प्रचारित कर देने की लालसा में हम विदेशों के लिए जासूसी तो नहीं किए जा रहे? सजग होना, सजग रहना आज के  दौर में अत्यावश्यक है.

शेष तो समझदार सभी हैं. आप सब आनंदित होइए आज की बुलेटिन के साथ.

++++++++++














शुक्रवार, 25 अगस्त 2017

गणेश चतुर्थी और ब्लॉग बुलेटिन

नमस्कार दोस्तो,
आप सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनायें.

गणेश चतुर्थी हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है. वैसे तो यह सम्पूर्ण देश में मनाया जाता है किन्तु महाराष्ट्र में इसे बडी़ धूमधाम से मनाया जाता है. पुराणों के अनुसार इसी दिन आदिदेव  श्री गणेश जी का जन्म हुआ था. इस अवसर पर हिन्दू लोग भगवान गणेश की पूजा करते हैं. भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को गणेश चतुर्थी भी कहते हैं. इसी दिन से नगर-नगर प्रमुख स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है. हिन्दू पंचांग के अनुसार भाद्रपद मास की चतुर्थी से चतुर्दशी तक दस दिनों तक चलता है. दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को गणेशोत्सव भी कहा जाता है. दस दिन तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात् गाजे-बाजे के साथ श्री गणेश की प्रतिमा को जल में विसर्जित किया जाता है. 


 शुभकामनाओं सहित आज की बुलेटिन आपके समक्ष प्रस्तुत है... 

++++++++++














शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

ट्वीट से उठा लाउडस्पीकर-अज़ान विवाद : ब्लॉग बुलेटिन

नमस्कार दोस्तो,
लोग एक बार फिर मुद्दे से भटक कर उसे धर्म, मजहब की चौखट पर खींच लाये. यदि आपने गौर किया होगा तो आप एकदम सही जगह पहुँच रहे हैं. जी हाँ. गायक सोनू निगम के चार ट्वीट और फिर उसके बाद उठा विवाद. उस विवाद के बाद का विवाद तो और भी हास्यास्पद रहा जबकि फतवे के नाम पर दोनों तरफ से अपने-अपने कदम देखने को मिले. एक ने सिर घोंट देने के दस लाख लगाये और अगले ने अपना सिर मुडवा लिया. बहरहाल, मुद्दा ये नहीं कि किसका फतवा? किसके लिए फतवा? सोनू निगम ने ट्वीट के द्वारा अपनी परेशानी बताई या फिर अपनी लोकप्रियता की राह को और साफ़ किया ये वही जानें किन्तु उससे एक मुद्दा निकला कि धार्मिक कृत्यों में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल हो या न हो. जो लोग भी अपने-अपने स्तर में इस चर्चा में सहभागी बने वे इससे भटक कर हिन्दू, मुस्लिम में विभक्त हो गए.

देखा जाये तो विगत कुछ वर्षों से समाज दो भागों में बंट गया है. एक हिन्दू और दूसरा गैर-हिन्दू. यहाँ भी कुछ ऐसा ही हुआ. सोनू निगम के चार ट्वीट में यदि पहले ट्वीट में अजान शब्द आया है तो तीसरे शब्द में मंदिर, गुरुद्वारा शब्दों का भी प्रयोग किया गया है. इसके बाद भी बवाल पैदा करने में अज़ान-प्रेमी ही सामने आये हैं. इसमें मुस्लिम और गैर-मुस्लिम दोनों तरफ के लोग हैं. वैसे सोचने की बात बस इतनी है कि आखिर मुस्लिम समुदाय को इस पर आपत्ति क्या है कि उनकी मजहबी क्रिया में लाउडस्पीकर का उपयोग न होने का ट्वीट आ गया? कहीं उनको ये तो नहीं लग रहा कि ट्वीट के बहाने सरकार उनकी मजहबी क्रिया में उपयोग होने वाले लाउडस्पीकर को प्रतिबंधित तो करने जा रही है?

बहरहाल अंतिम निष्कर्ष क्या होगा ये तो बाद की बात है मगर एक सामान्य से ट्वीट पर आक्रोशित हो जाना, फतवा जारी करना, सोनू निगम पर मुकदमा दर्ज करने की अपील, धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाने जैसे कदम मुस्लिम समुदाय की आक्रामकता को ही दर्शाता है. यही आक्रामकता उनको समुदाय में सबसे कहीं अलग-थलग खड़ा कर देती है. अपने आपको मुख्यधारा से अलग न होने देने की दिशा में वे खुद ही कुछ सोचें और विचार करें. उन्हें समझना होगा कि समाज-निर्माण में फैसले लेने का आधार न तो ट्वीट होता है और न ही लाउडस्पीकर. आपसी समझ, विश्वास, स्नेह ही सबको आगे बढ़ाता है, सबकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करता है.

चलिए, जो हो रहा है उसका आनंद लीजिये, जो होगा उसका आनंद लीजियेगा. हल फ़िलहाल अभी तो सोनू निगम के चारों ट्वीट का अवलोकन करते हुए आज की बुलेटिन का आनंद लीजिये. 







++++++++++














शुक्रवार, 9 सितंबर 2016

दो सितारों की चमक से निखरी ब्लॉग बुलेटिन

नमस्कार मित्रो,
आज, 9 सितम्बर को दो सितारों, शहीद विक्रम बत्रा का तथा साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र का जन्मदिन है. दोनों ने ही अल्पायु में अपने-अपने हथियारों से अप्रत्याशित कारनामे किये. एक ने बन्दूक उठाकर देश के दुश्मन को खदेड़ा तो दूसरे ने कलम के सहारे हिन्दी विरोधियों को परस्त किया. आइये विनम्र श्रद्धांजलि सहित जाने अपने इन सितारों के बारे में.
++
कैप्टन विक्रम बत्रा 
विक्रम बत्रा का जन्म 9 सितंबर 1974 को पालमपुर में हुआ था. जी.एल. बत्रा और कमलकांता बत्रा के यहाँ जुड़वां बच्चों के रूप में जन्म हुआ. माता कमलकांता की श्रीरामचरितमानस में गहरी श्रद्धा होने के कारण विक्रम को लव और विशाल को कुश के नाम से पुकारा गया. अध्ययन हेतु विक्रम चंडीगढ़ गए और विज्ञान विषय में स्नातक की पढ़ाई की. इस दौरान वह एनसीसी के सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुने गए और गणतंत्र दिवस की परेड में भी भाग लिया. स्नातक करने के बाद उनका चयन सीडीएस के जरिए सेना में हो गया. शिक्षा समाप्त होने पर उन्हें 1997 को जम्मू के सोपोर नामक स्थान पर 13 जम्मू-कश्मीर राइफल्स में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली. 1999 को कारगिल युद्ध में श्रीनगर-लेह मार्ग के ठीक ऊपर सबसे महत्त्वपूर्ण 5140 चोटी को पाक सेना से मुक्त करवाने का जिम्मा उनकी टुकड़ी को दिया गया. बेहद दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद विक्रम बत्रा ने अपने साथियों सहित इस चोटी को अपने कब्जे में ले लिया. जब इस चोटी से रेडियो के जरिए अपना विजय उद्घोष यह दिल मांगे मोर कहा तो पूरे भारत में उनका नाम छा गया. इसी दौरान विक्रम के कोड नाम शेरशाह के साथ ही उन्हें कारगिल का शेर की भी संज्ञा दी गई. मिशन लगभग पूरा हो चुका था. लड़ाई के दौरान घायल लेफ्टीनेंट नवीन को बचाने के प्रयास में विक्रम बत्रा की छाती में गोली लगी और वे जय माता दी कहते हुये वीरगति को प्राप्त हुये. अदम्य साहस और पराक्रम के लिए कैप्टन विक्रम बत्रा को 15 अगस्त 1999 को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया.
++
भारतेंदु हरिश्चंद्र 
आधुनिक हिंदी साहित्य के पितामह कहे जाने वाले भारतेन्दु हरिश्चन्द्र का जन्म 9 सितंबर 1850 को काशी में हुआ. उनके पिता गोपालचंद्र अच्छे कवि थे और गिरधर दास उपनाम से कविता करते थे. बचपन में ही भारतेंदु माता-पिता के सुख से वंचित हो गए थे. बनारस में उन दिनों अंग्रेजी पढ़े-लिखे और प्रसिद्ध लेखक राजा शिवप्रसाद सितारेहिन्द थे. भारतेन्दु शिष्य भाव से उनके यहाँ जाते रहते. उन्होंने उन्हीं से अंग्रेजी सीखी तथा स्वाध्याय से संस्कृत, मराठी, बंगला, गुजराती, पंजाबी, उर्दू भाषाएँ सीख लीं. हिन्दी साहित्य में आधुनिक काल का प्रारम्भ भारतेंदु से ही माना जाता है. भारतीय नवजागरण के अग्रदूत के रूप में प्रसिद्ध भारतेन्दु ने देश की गरीबी, पराधीनता, शासकों के अमानवीय शोषण का चित्रण को ही अपने साहित्य का लक्ष्य बनाया. हिन्दी को राष्ट्र-भाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने की दिशा में उन्होंने अपनी प्रतिभा का उपयोग किया. भारतेन्दु बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे. वे एक उत्कृष्ट कवि, सशक्त व्यंग्यकार, सफल नाटककार, जागरूक पत्रकार तथा ओजस्वी गद्यकार थे. इसके अलावा वे लेखक, कवि, संपादक, निबंधकार, एवं कुशल वक्ता भी थे. हिन्दी में नाटक उनके पहले भी लिखे जाते थे किंतु नियमित रूप से खड़ीबोली में अनेक नाटक लिखकर भारतेन्दु ने ही हिन्दी नाटक को सुदृढ़ बनाया. उन्होंने हरिश्चंद्र पत्रिका, कविवचन सुधा और बाल विबोधिनी पत्रिकाओं का संपादन भी किया. भारतेन्दु जी का देहावसान मात्र 34 वर्ष की अल्पायु में ही 7 जनवरी 1885 को हुआ. अल्पायु में उन्होंने विशाल साहित्य की रचना की तथा मात्रा और गुणवत्ता की दृष्टि से इतना लिखा, इतनी दिशाओं में काम किया कि उनका समूचा रचनाकर्म पथदर्शक बन गया है.
++
शहीद विक्रम बत्रा और भारतेंदु हरिश्चंद्र को ब्लॉग बुलेटिन परिवार की तरफ से हार्दिक श्रद्धांजलि सहित आज की बुलेटिन.

++++++++++












शुक्रवार, 10 जून 2016

स्वावलंबी नारी शक्ति को समर्पित 1350वीं बुलेटिन

प्रिय साथियो,
ब्लॉग बुलेटिन नित नए आयामों को स्थापित करता हुआ आज 1350वीं बुलेटिन तक आ पहुँचा है. सामान्य से दिखने वाले इन अंकों की अपनी ही महत्ता है. जी हाँ, यदि इन 1350 को अंकशास्त्र की दृष्टि से देखें तो इनका योग बनता है. अनादिकाल से नवग्रह, नवदुर्गा, नवरात्रि, नवदेव, नवरस, नवधा भक्ति, नवरत्न, नवरंग आदि के रूप में नौ हमारे जीवन से जुड़ा रहा है. इस नव में भी नवरात्रि, नवदुर्गा का विशेष पावन महत्त्व है. इसी महत्ता के वशीभूत आज की विशेष बुलेटिन समर्पित है उन महिलाओं को जिन्होंने वास्तविक रूप में अपने कार्यों, अपनी जीवटता, अपने विश्वास, अपनी संकल्प-शक्ति से नवदुर्गा की शक्ति को जीवंत किया है, सार्थक किया है. 


स्वाति महादिक ऐसा ही नाम है, जिसने अपनी जीवटता, संकल्प-शक्ति को सिद्ध किया है. स्वाति महादिक नवम्बर 2015 को कुपवाड़ा में शहीद हुए कर्नल संतोष महादिक की पत्नी हैं, जो अधिकारी के रूप में सेना में शामिल होने के लिए चेन्नई में प्रशिक्षण लेने जा रही हैं. बारह वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी की माँ स्वाति ने अपने पति की अंत्येष्टि पर ही स्पष्ट किया था कि वे भी सेना में भर्ती होकर देशसेवा करेंगी, दुश्मनों का सफाया करेंगी. विशेष बात ये है कि स्वाति ने सेना में अधिकारी रैंक को किसी अनुदान या दयादृष्टि से नहीं वरन सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) के पाँच चरण के टेस्ट पास करके प्राप्त की है. स्वाति अभी 32 साल की हैं और सेना में शामिल करने के लिए हालांकि उनकी उम्र आड़े आ रही थी, लेकिन सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग की सिफारिश के बाद रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने उनके जज्बे को देखते हुए उनके लिए उम्रसीमा में परिवर्तन किया. ये अपने आपमें विचारणीय है कि अपने पति की मृत्यु के चन्द माह बाद ही खुद की जमी-जमाई नौकरी को छोड़कर सेना में जाने का सोचना और उसमें सफल भी होना उस महिला की जीवटता, उसके विश्वास को ही दर्शाता है. 

स्वाति महादिक 

स्वाति की तरह ही समाज में बहुत सी महिलाएँ जिन्होंने अपने बलबूते अपने आपको स्थापित किया. बनारस के तुलसीपुर में स्थित पाणिनी कन्या महाविद्यालय की आचार्य नंदिता शास्त्री के मार्गदर्शन में कुछ लड़कियों ने शास्त्री की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद विवाह करवाने का कार्य शुरू किया. इसके लिए उनका ब्राहमण होना आवश्यक नहीं है. 

नंदिता शास्त्री

कानपुर विद्या मन्दिर डिग्री कालिज की प्राचार्य डॉ0 आशारानी राय वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुरोहिती का कार्य करतीं हैं. उन्होंने महिलाओं के लिए सर्वथा निषिद्ध माने गए क्षेत्र श्मशान घाट में जाकर अन्तिम संस्कार भी करवाए हैं और करवा भी रहीं हैं. अपने पिता और श्वसुर का अन्तिम संस्कार भी उन्हीं ने किया था.

डॉ० आशा रानी राय 

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के गाँव नंदीग्राम की 26 वर्षीया शबनम आरा ने अपने काजी पिता के लकवाग्रस्त हो जाने पर निकाह करवाने में उनका सहयोग किया. धीरे-धीरे उन्हें शरीयत का इल्म हो गया और बाद में अपने पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने अपना पंजीयन काजी के रूप में करवाया. काफी मुश्किलों के बाद अंततः वे सफल रहीं और आज देश की प्रथम महिला काजी के रूप में कार्य कर रही हैं. जनपद जालौन के कालपी की बुधिया, जिसने पति के देहांत और पुत्र के बेसहारा छोड़ देने के बाद जूते बनाने का काम किया. 98 वर्ष की उम्र तक उन्होंने यही काम करके अपना जीवन निर्वहन किया. 

बुधिया 

इन महिलाओं की चर्चा मीडिया या तो करती नहीं या फिर नगण्य रूप में करती है. ये वे महिलाएँ हैं जो स्त्री-सशक्तिकरण के लिए हैप्पी टू ब्लीड, मंदिर प्रवेश, माहवारी पर चुप्पी तोड़ो, मैरिटल रेप, फ्री सेक्स जैसे विवादित मुद्दों का सहारा नहीं लेती हैं बल्कि अपनी कर्मठता, आत्मविश्वास से स्त्री-सशक्तिकरण की वास्तविक अवधारणा का विकास करती हैं. इन्होंने साबित किया है कि स्त्री की सशक्तता, उसकी आज़ादी देह के आज़ादी होने से नहीं, फ्री सेक्स से नहीं, हैप्पी टू ब्लीड से नहीं वरन स्वावलंबन से मिलनी है, आत्मविश्वास से मिलनी है.


आज की ये विशेष बुलेटिन समर्पित है ऐसी ही महिलाओं को जिन्होंने अपनी मेहनत से अपने आपको सफल सिद्ध किया. अपनी विषम परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर खुद को आगे बढ़ाया. आनंद लीजिये, आज की नवरत्न बुलेटिन का.

+++++++++










लेखागार