Subscribe:

Ads 468x60px

कुल पेज दृश्य

अवलोकन २०१३ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अवलोकन २०१३ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 12 दिसंबर 2013

निःसंदेह प्रतिभाओं की कमी नहीं (समापन)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -


अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

पिछले एक महीने से चल रहे इस अवलोकन को आप सब ने खूब सराहा और पसंद किया पर जैसे हर आयोजन का एक समापन भी होता है ठीक वैसे ही अवलोकन 2013 का भी आज समापन है ... अगले साल फिर यह आयोजन होगा ... एक बार फिर मिल कर चलेंगे यादों के सफर मे ... तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का समापन भाग ...



परिक्रमा तो मैंने बहुत सारी की
और जाना -
,..... हर रिश्तों की अपनी अपनी अग्नि होती है
अपने अपने मंत्र ....
पूरी परिक्रमा तो अभी शेष ही है
जो शेष रह ही जाती है
क्योंकि शेष में ही आगामी विस्तार है !


अनुभव प्रिय http://facebook.com/anubhavpeev - एक उभरता सितारा, जिसकी आँखों में इंकलाब तो है,पर क़दमों में धैर्य ! धैर्य ही लक्ष्य निश्चित करता है,लक्ष्य को पाता है  … 
उसकी प्रखरता को देखते हुए इक़बाल की ये पंक्तियाँ ध्रुवतारे सी चमकती हैं - 

"नहीं है नाउम्मीद इक़बाल अपनी किश्ते-वीरां से
ज़रा नम हो तो ये मिट्टी बड़ी ज़रखेज़ है साक़ी"

ज़रखेज़ मिटटी का कमाल ये रहा आपके सामने -

एसिड-रेन' (Acid Rain)

'कलियुगी प्रदूषण' से 
होती 'एसिड रेन' से, 
आओ बचने के लिए 
एक ऐसा उपाए लगाएं-
जो बस तन नहीं 
मन भी बचाए|

ज्ञान के लौह के ढाँचे पर,
सद्विचार को तान कर,
आओ एक छतरी बनाएँ
जो बस तन नहीं 
मन भी बचाए|

कलियुगी प्रदूषण से 
होती 'एसिड रेन' से, 
आओ बचने के लिए 
एक ऐसा उपाए लगाएं...


सत्यजित राय एक भारतीय फ़िल्म निर्देशक थे, जिन्हें २०वीं शताब्दी के सर्वोत्तम फ़िल्म निर्देशकों में गिना जाता है।
विश्व के दस फिल्मकारों में शामिल बांग्ला फिल्मकार सत्यजीत रे ने अपनी किसी भी फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने नहीं भेजा। उनकी फिल्म ‘पाथेर पांचाली’ (1955) और अपू त्रयी को दुनिया भर के फिल्म फेस्टिवल्स में सैकड़ों अवॉर्ड मिले हैं। 
इसके बावजूद राय मोशाय ने ऑस्कर के फेरे नहीं लगाए। स्वयं ऑस्कर अवॉर्ड 1992 में चल कर कोलकाता आया और विश्व सिनेमा में अभूतपूर्व योगदान के लिए सत्यजीत रे को मानद ऑस्कर अवॉर्ड से अलंकृत किया।
उनके पदचिन्हों पर यह नया कदम अनुभव नए आयामों के दरवाज़े खोलने को दृढ है  … एक नज़र अनुभव के निर्देशन और अभिनय पर -

"टेलीफोन"-

कथा-संवाद-पटकथा: सत्यजीत राय 
कलाकार: 
सलिल वर्मा, अनुभव प्रिय
छायांकन: प्रतीक्षा प्रिय 
निर्देशन: अनुभव प्रिय
 —


शेष - जिसका होना बहुत अर्थ रखता है 
उस शेष के साथ मिलेंगे हम 
उम्मीद है - रहूँगी मैं ज़िंदा 
इन प्रतिभाओं में 
इन्हें आप तक लाने की राह के रूप में 
……… 
अलविदा - कभी नहीं 
मिलेंगे हम फिर से 
कहिये -
' दसविदानिया '

बुधवार, 11 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (32)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -


अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

अवलोकन २०१३ समापन के नजदीक है ... कल इस का समापन होगा ... एक वादे के साथ कि अगले साल हम फिर मिलेंगे एक और अनोखे सफर के लिए |
 
आज के लिए ... लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का ३२ वाँ भाग ...



(एक पहरेदार से:) मैं तुम्हें सिखाऊँगा इन्तजार करना
मेरी स्थगित मौत के दरवाजे पर
धीरज रखो, धीरज रखो
हो सकता है तुम मुझसे थक जाओ
और अपनी छाया मुझसे उठा लो
और अपनी रात में प्रवेश करो
बिना मेरे प्रेत के !.... फ़िलीस्तीनी कवि - महमूद दरवेश

दुनिया के हर कोने में प्रतिभायें हैं कलम से टपकते एहसासों की, जिनसे एक गहरा रिश्ता बनता है  … स्वतः-हठात 
मन में आता है 
ऐसा ही कुछ मैंने भी सोचा था 
शब्दों के रिश्ते जहाँ बनते हैं 
उन प्रतिभाओं की तलाश में 
जो मिल गया - वह अपना 
जो नहीं मिला !  … क्या वह पराया होता है ?
जाने कितने अजनबी जाने-पहचाने होते हैं 
जैसे - ये सब :)

(केतन)

सुनो..
उस बार की सर्दियों में 
जब दर्द बढ़ गया था मेरे पैरों का 
तुमने ज़िद करके मुझे 
भरी दुपहरी में घुमाया था.. 
पहाड़ी के ऊपर वाले मंदिर में 
घंटो तक बैठे रहे थे हम..
तुम्हारी बातों में कैसे
लम्हों सा गया था वो दिन 

कोशिश करो..
इस बार गर मिलें 
तो एक गठरी में 
अपने यहाँ की धूप साथ लेती आना 
मैंने पैर का दर्द संभालकर रखा है
बैठकर बातें करेंगे फिर से..



(निखिल श्रीवास्तव)

फेसबुक कमाल की उत्पत्ति है। इसके छोटे से नाम में कितनी बड़ी दुनिया और एक अलग ही सभ्यता नित बन बिगड़ रही है, अंदाज़ा लगाना भी मुमकिन नहीं है। हाँ, कुछ रेशे जरुर पकड़ में आ जाते हैं। शायद यही वजह है कि मुझे कभी कभी महसूस होता है कि इस ख़ास सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट ने उम्र, वक़्त और रिश्तों का एक चलायमान वर्चुअल म्यूजियम बना दिया है। म्यूजियम इसलिए कि आप चाहकर भी किसी पल को पलट नहीं सकते, किसी टूटे धागे को जोड़ नहीं सकते। बह गए को वापस हासिल नहीं कर सकते। एक नज़र जी भर उन्हें देख सकते हैं बस। 

मोटे तौर पर देखें तो इस म्यूजियम में दो गैलरी हैं। एक है हमारी खुद की टाइमलाइन यानी हमारे अपने रिश्तों और उम्र की गैलरी और दूसरी गैलरी है इंसान से जुड़े तमाम शास्त्रों की। धर्म, संप्रदाय, राजनीति, अर्थ, साहित्य, ज़ाति, विद्रोह, क्रांति और तमाम अगड़म-बगड़म बातों और घटनाओं के रेशे तस्वीरों और शब्दों के सांचे में ढल कर इस गैलरी में सज रहे हैं।  

हमने शायद ही कभी अपनी प्रोफाइल के तमाम ऐसे फीचर्स पर गौर किया हो, जो वक़्त बेवक्त हमें बता देते हैं कि आप रिश्तों के मामले में कितने गंभीर, सचेत और सजग हैं। कौन सा रिश्ता कितना चला, किसने आपको सबसे ज्यादा पसंद किया और कौन-कब-कैसे आपकी ज़िन्दगी में दाखिल हुआ या फिर किसने किस वजह से किसी दिन आपकी दुनिया से रुखसत ले ली। 

फेसबुक पर जब भी किसी से अपनी दोस्ती जांचने के लिए एक ख़ास बटन पर क्लिक करता हूँ, तो बरबस ही वो ख़त याद आ जाते हैं जो एक ज़माने में हमारे लिए रिश्तों की एक मात्र जमा पूंजी हुआ करते थे। लकड़ी के किसी तखत के नीचे अल्युमिनियम या लोहे के बक्से में बड़े जतन से हर ख़त को संजोकर रखा जाता था। जब भी किसी की याद आती थी, वो बक्सा खुलता था। उस दौर में और ऐसा कुछ भी नहीं था जो बता सके कि कब, कौन और कैसे आपकी ज़िन्दगी में दाखिल हुआ। 

इस रिश्तों के म्यूजियम में हर पल का हिसाब मौजूद है। कब कौन आपका दोस्त बना, कब आपको इश्क हुआ और कब आप वापस किसी रिश्ते से छिटककर तनहा रह गए। कब कोई ख्वाब अधूरा रह गया और किस बरस आपने सबसे ज्यादा नए रिश्तों के लिए हामी भरी, इसका भी ब्यौरा इस म्यूजियम में कैद है वो भी तस्वीरों के साथ. 

अगर आपने भी कभी मेरी तरह इस म्यूजियम की टाइमलाइन पलटी होगी, तो आप भी तमाम एहसासों से गुज़रे होंगे। आपने कुछ चेहरों की तलाश भी की होगी और अचानक आपको एहसास हुआ होगा कि न जाने कब किसी रिश्ते की महीन डोर टूट गई। कुछ चेहरे आपके इस म्यूजियम में नहीं नज़र आये होंगे। किसी ख़ास तारीख पर दोस्तों के वो कमेन्ट देखकर मुस्कुराये भी होंगे, जब आपने पहली बार अपने सिंगल स्टेटस को इन अ रिलेशनशिप में तब्दील किया था। 

सबसे खूबसूरत बात ये कि सोशल मीडिया पर मौजूद हर शख्स ने अपनी ज़िन्दगी का एक म्यूजियम बना लिया है। कुछ इससे रु ब रु हैं तो कुछ बेखबर। कई रिश्तों को बीते दौर के खतों की तरह सहेज रहे हैं तो कुछ में होड़ है रिश्तों को आंकड़ों में ढालने की। और मैं, आवारा पथिक की तरह इसकी हर गली, हर मोहल्ले और चौराहे पर लगी नुक्कड़ बैठक को समझने की कोशिश कर रहा हूँ। अंग्रेजी में शायद हम जैसों के लिए एक शब्द बना है। ऑब्जर्वर। बड़ा ही सोफेस्टिकेटेड है न!


कृष्ण कहना चाहो, कह सकती हो।


मुझे तुम कृष्ण कहना चाहो,
तो कह सकती हो।

मैं भगवान तो नहीं,
हाँ इंसान जरूर हूँ।

मैं गीता का ज्ञान तो नहीं
बाँट सकता,
हाँ, अपने अनुभवों से
तुम्हें अवगत करा सकता हूँ,
जिनको गीता के सार ने
मार्गदर्शित जरूर किया था।
सम्भव है, वे गीता के श्लोकों की
व्याख्या बन जाएँ।

मुझे तुम कृष्ण कहना चाहो,
तो कह सकती हो।

मैं इस रणक्षेत्र में खड़े
सभी कुलवंशियों का
किसी न किसी रूप में
रिश्तेदार हूँ।
मैं भारतवंशी हूँ।
मगर एक बात अवश्य है,
जिसने मेरी भौतिकता माँगी,
वो मेरे पैरों तले था।
जिसने मेरा अध्यात्म माँगा,
वह सर आँखों पर।
समझने और निभाने कि जिम्मेदारी तुम्हारी।

मुझे तुम कृष्ण कहना चाहो,
तो कह सकती हो।

मैं सभी गोपियों की मनोदशा
समझता हूँ।
उनका मान-सम्मान करता हूँ।
तभी तो उन संग रास करता हूँ।
लेकिन, कोई तो राधा मुझ कृष्ण को भी,
मौलिक प्रेम की राह दिखाती है।
मुझे कर्म, ज्ञान और प्रेम की त्रिवेणी में,
गोते लगवाकर पारंगत बनाती है।
मगर सच कहूँ तो
भौतिक प्रेम व सांसारिक निर्वहन
मुझे रुकमणी ही सिखाती है।
मैं गृहस्थ होकर भी,
सार्वभौमिक प्रेम हूँ।

मुझे तुम कृष्ण कहना चाहो,
तो कह सकती हो।

राजेश सक्सेना "रजत"

मंगलवार, 10 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (31)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -


अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का ३१ वाँ भाग ...



डुबकियां सिन्धुमें गोताखोर लगाता है,
जा जा कर खालीहाथ लौटकर आता है,
मिलते न सहज ही मोती गहरे पानी में,
बढ़ता दूना विश्वास इसी हैरानी में,
मुट्ठी उसकी खाली हरबार नहीं होती,
कोशिश करनें वालों की कभी हार नही होती।  (बच्चन)


Madhukar's Musings: एक मैं..और बहुत सी परछाईयां हैं


(मधुकर)

एक मैं 
और बहुत सी परछाईयां हैं 
कुछ पुरानी, कुछ नयी परछाईयां हैं ..

और कुछ सहमे हुए से 
बादलों की सेज पर 
स्वप्न जैसी ये कई परछाईयां हैं 

... आज जब गंतव्य में हूँ 
खो गया जो सूर्य पश्चिम में पिघलता 
याद करता हूँ ..
बहुत परछाईयां थीं, बहुत परछाईयां हैं 

खो गयीं कुछ, 
कुछ अभी भी ढूंढती रहतीं हैं 
मुझको 
ढूंढता रहता हूँ मैं उनमे अपने आप को 
कुछ पुरानी, कुछ नयी परछाईयां हैं ..

ग़ज़लगंगा.dg: वो अपने आठ पहर में से दोपहर ही दे


(--देवेंद्र गौतम)

हवा के दोश पे उड़ता हुआ शरर ही दे.
वो कुछ न दे तो तमाजत का इक सफर ही दे

वो मौज दे नहीं सकता, न दे, भंवर ही दे.
करीब आके ये किस्सा तमाम कर ही दे.

न अपना हाल बताये, न मेरा हाल सुने
न अपने ठौर ठिकाने की कुछ खबर ही दे.

मेरे रुके हुए कदमों का वास्ता है तुझे
जहां पे लोग भटकते हैं वो डगर ही दे.

मैं पूरे दिन पे कभी हक नहीं जताउंगा
वो अपने आठ पहर में से दोपहर ही दे.

मेरी उमीद का गुलशन उजड़ नहीं पाये
हरेक बीज के अंदर कोई शजर ही दे.

अब उसकी सल्तनत में सर कहां छुपाये हम
हमें न रहने दे फुटपाथ पे न घर ही दे.

मैं उससे चांद सितारे तो नहीं मांगूंगा
बस एक बार इनायत भरी नजर ही दे.



(सुरभि सोनम)

यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

श्वेत जामा ओढ़े है विनाश,
भू बिछी है निर्दोषों की लाश,
अश्रु-क्रंदन में बहे उल्लास,
ढेर हुआ बेबस विश्वास,
न्याय बना मूरत है
कबसे मना रहा अवकाश,
मगर सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

सूख रहा निर्झर का पानी
मलिन है हाय! निरीह जवानी
तोड़ते हैं सब रीढ़ शरों के
रिसता है बस लहू करों से
हर क्षण हर पल बिखर रही है
व्याकुल उर की हर आस,
मगर सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

क्षुद्र क्लेश, है बंटता देश
पुरखों का खंडित अवशेष
उड़ गयी चिड़िया स्वर्ण पंख की
कटु ध्वनि बजती है शंख की
मोल भाव में पतित हुआ है
गौरवान्वित इतिहास,
मगर सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

चिर होता यहाँ चीर-हरण अब
धर्म भी सोता करवट ले तब
गांधारी बन पट्टी बाँध कर
अज्ञानी का स्वांग रचाकर
लुटने देते घर को अपने
कह कर हरि का रास,
मगर सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

वायु-संग बहता विध्वंश
क्षोभित है हर अंश-अंश
निष्ठा का होता लुप्त वंश
विष फैलाता छल-कपट-दंश
निसहाय बड़गद, नोच उसे
सब क्षीण करते हैं विकास,
मगर सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

चाहे जो हो, जैसा भी ढंग हो
श्वेत श्याम या जो भी रंग हो
हर कुछ है वहाँ स्वीकृत जन को
आत्म-केन्द्रित जहाँ हर जीवन हो
होता है ऐसे स्थानों पर
केवल दासों का वास,
क्यूंकि सब चलता है ।
यहाँ कहते हैं
कि सब चलता है ।

(चंद्रभूषण)

बिजली के मोटे तार जैसी किसी चीज से बंधे हुए
पैरों की आजादी इतनी कि एक बार में एक ही फुट चल सकूं
और हाथों में पड़े हुए मोटे-मोटे चुल्ले
जैसे आगे कभी हथकड़ियां पहनाने के लिए
इन्हें यूं ही डाल कर छोड़ दिया गया हो

न जाने कितनी नींदें मैंने इसी तरह पार की हैं 
अपने ही शहर में भटकते हुए रास्ता खोजते हुए
रात गुजर जाती है हर बार हर बार

कल रात की बात मगर कुछ और थी
तीसरे तल्ले पर किसी मीटिंग में जाना था
जबकि सीढ़ियां बीच-बीच में टूटी हुई थीं
दो-दो तीन-तीन पायदान एक साथ ढहे हुए

मैं कहीं से भागा नहीं था कि छिपने की जरूरत हो
वहीं का था और लोग मुझे अच्छी तरह जानते थे
लेकिन बंधा होना ही यहां सबके लिए मेरी पहचान थी
बाकी तो क्या खुद भी खुद को उसी तरह जानता था
जैसा कि इस वक्त मैं था

पता था कि बंधे पांवों और खड़खड़ हाथों से ही
यहां सब कुछ करना है
यह सब इतना सामान्य था कि मेरी कूदफांद देखकर
न कोई दुखी था न हंस रहा था
न मदद या दिलासा देने के लिए आगे आ रहा था

पता था कि सारी कोशिशों के बाद भी मीटिंग में पहुंच नहीं पाऊंगा
और मेरी गैरमौजूदगी में ही मेरे बारे में फैसला सुना दिया जाएगा
फिर भी पूरी रात सीढ़ियां चढ़ता रहा
सोचता हुआ कि रात बीत जाएगी और दिन गुजर जाएगा
तो अगली रात फिर शुरू करूंगा

और कोई तो रात कभी ऐसी भी आएगी
जब सही इमारत खोजकर उसमें घुस जाऊंगा
और सीढ़ियां चाहे जैसी भी हों उनपर चढ़ता चला जाऊंगा
और ऐन वक्त पर मीटिंग में पहुंच कर सारा किस्सा साफ कर दूंगा-
बस एक बार ऐसा हो जाए फिर फैसले की किसे पड़ी है  


सोमवार, 9 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (30)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का ३० वाँ भाग ...



अहम् - छीन लेता है सबकुछ
अहम् - व्यक्तित्व को निखरने नहीं देता 
फिर इसे त्यागने में कैसी तकलीफ 
जीना हो सुकून से 
पाना हो कुछ सहज,सरल 
तो अहम् के कांटेदार बाड़ों को हटा देना ही सही है 
अपने अहम् से हाथ लहुलुहान होंगे 
रखने में भी,हटाने में भी 
तो हटाकर जो ज़ख्म होगा 
वह सुकून का मरहम भी देगा  … 


आज मैं आपको सबसे पहले मिलवाती हूँ उस प्रतिभा से जो इंडियन फॉरेस्ट सर्विस में कार्यरत हैं = श्री अरुण वर्मा  .... 

जंगलों में जब शब्द उतरते हैं,
तब ज़िम्मेदारियों के मध्य से निकला मन कुछ सुनता है 
उन शब्दों को आप भी सुनिये -


स्वर में स्वर का विश्वास 

एक स्वर है,
जो अनदेखे परिंदों के पंख
भारती की वीणाऔर विष्णु के शंख
की पहचान देता है-
बाक़ायदा अलग होती आहट
तभी तो
मेरे पीछेकी दुनिया
मेरे रोने में मेरी वेदना,
हँसने में खुशी
नि:शब्द चिन्तन की चेतना,
और भयद चीत्कारों से
मापती है
परेशानियों की एक-एक थरथराहट
अकेली आवाज़ एक पहचान है
सस्वर प्रार्थना, किन्तु
अकेलेपन से अंजान है
और तब
बाहरी और गहरी नींद के कानों में भरती है
स्वपनों की मरती हुई
फुसफुसाहट ... 

अरुण वर्मा 




(स्मिता)

ज़िन्दगी
 इन दिनों     कुछ     अजीब सी हो गई है............ 
कुछ बाते हैं , जो पीछा नहीं छोड़ रहीं …..
उस भंवर से   ...अपने आपको ....निकाल   नहीं पा रही हूँ .......
बार बार वे ही बातें घूम फिर कर सामने आ खड़ी होती हैं .........
पता नहीं ........मैं इतना कमजोर कैसे हो जाती हूँ .......कभी कभी ….

क्यों नहीं  ......सबकी तरह मैं भी उल्टा जवाब दे पाती ??

शायद ये संस्कारों का असर है …..
कभी सीखा ही नहीं ….
मुझे भी कितने जवाब सूझते हैं पर ….
वक़्त गुजर जाने के बाद ….
क्या     करूँ       ?? .......मैं ऐसी ही हूँ …. 
  शायद       सब की ज़िन्दगी में ऐसे लम्हे आते   होंगे  न ..... 
जब इंसान मजबूर हो जाता है ..

हम किसी के लिए अच्छा करते हैं 
या अच्छा सोचते हैं 
तो उन को एहसास क्यों नहीं होता .???

लोग साथ क्यों छोड़ देते हैं ?
रिश्तो की इज्जत करना भूल क्यों जाते हैं ?

ईर्ष्या........जैसी भावना इतनी प्रबल क्यों हो उठती है.?? 
कि सारी अच्छाइयों को ढँक लेती है ?


यही सब सवाल हैं ..
और हम सब 
इसकी कीमत चुका रहे हैं …...
अपना सेल्फ रेस्पेक्ट गँवा के ..हासिल क्या हुआ ?.
.
कहते हैं ज़िन्दगी कभी रूकती नहीं ..
पर मुझे लग रहा है ………
 ज़िन्दगी में समय और उम्र के अलावा सब कुछ ठहर सा गया है ………….
…….

अब तो जैसे ……….
किसी चीज में कोई रूचि ही नहीं रह गई..
किसी के लिए कुछ करने का मन ही नहीं होता.....
फिर वही साये पीछा सा करने लगते हैं ……

कोशिश कर रही हूँ      इस मनः स्थिति से दूर निकलूँ ….…...

अभी कहीं पढ़ा था …..
जो तुम्हारे पीछे बोलता है उसे बोलने दो …
क्यों कि  वो उसी लायक है       कि   तुम्हारे पीछे ही रहे …..
उसे कभी इतनी तवज्जोह मत दो ...... कि वो तुम्हारे विचारों पर हावी हो सके …..

इस बात को अपने ऊपर लागू करने का प्रयास जारी है ….
शायद सफल भी हो जाऊं ……यही उम्मीद है ….


(विभु कुंवर चौहान)

अपने दरवाजे पर एक दस्तक सुनकर मै अपनी नींद से जागा....!
मेरे कुछ ख्वाब आये थे मुझसे मुलाकात की खातिर....!!
कुछ सवालों से भरे थे तो कुछ जवाब लाये थे....!
वो अपने चेहरों पर लिखी मेरी कुछ किताब लाये थे....!!
किताबों में किस्से थे मेरे और कुछ अरमान लिखे थे....!
फिर से दोहराने सारे अरमानों को वो मेरे पास आये थे....!!
उनको शिकवा था मुझसे के उन्हें याद नहीं करता....!
रख के सिरहाने पर कहीं मै उन्हें भूल जाता हूँ....!!
मै हर ख्वाब से कहता हूँ के मै भूला नहीं उसको....!
है अब भी इल्म हर एक ख्वाब की तासीर का मुझको....!!
अधूरा छोड़ कर एक ख्वाब भी कहीं जाने नहीं वाला....!
मेरा हर ख्वाब मोती है इन्हें खोने नहीं वाला....!!
अपने दरवाजे पर एक दस्तक सुनकर..............!
मेरे कुछ ख्वाब आये थे..........................!!

(वाणी मेहता)

हर रात के बाद एक नई सुबह आती है ,
मेरे जीवन में उम्मीदो की रौशनी वो लाती है।
कहने  को तो कुछ भी नहीं मेरे पास,
पर फिर भी जीवन जीने की मुझे है आस।

तकदीर के आगे किसी की नहीं चलती
पर बिना मेहनत  क्या जीवन की गाड़ी  चलती?
मैं  भी मेहनत  करता हूँ ,
रोज़ दर दर भटकता हूँ ,
गिरता हूँ, संभालता हूँ 
तभी टकराता हूँ आप से-
महत्वाकांशी , ओजपूर्ण , गौरवमय  इंसान से
जो धिक्कारता मुझे, चला जाता मेरे पास से। 
सोचा क्यों ना  बात करूँ  मैं  आज आप से

अरे बाबू  - माना  तकदीर ने मुझे दगा दिया
पर तुमने क्या भला किया ?
निगाहें चुराकर मुहँ  फेर लिया !
और मुझे लाचारी और बेबसी के अन्धकार में फिर से धकेल दिया।

यह सुनकर बाबु  सकपकाया
न जाने क्यों उसे  मेरी आँखों में विश्वास नज़र आया
अपनी अकड़  में बाबू  बोला  मुझसे  - क्या कर सकता है तू जीवन में?

यह सुनकर मैं बोला - सपने कौन नहीं देखता ?
मैं  भी कुछ बनाना चाहता हूँ
मैं  पढना चाहता हूँ, अपने सपनो को साकार करना चाहता हूँ
लाचारी और बेबसी के इस जीवन से बहार निकल,
एक आत्म निर्भर जीवन जीना चाहता हूँ। 
मैं  इस देश का गौरव बनना चाहता हूँ, 
मैं  अकेला हूँ, असहाय हूँ
इस संसार से अनभिज्ञ हूँ
मेरे पैरों तले ज़मीन नहीं, सर पर साया नहीं
मैं  आपका सहारा चाहता हूँ
निवेंदन करता हूँ आप से
थाम लो हाथ मेरा, दे दो सहारा मुझे
दलदल में फसाँ  हूँ, बाहर  निकालो मुझे
तड़पता हूँ, छटपटाता  हूँ , थोडा सुकूँ  दे दो मुझे
हर पल नीर बहाता  , मुस्कान दे दो मुझे
लाचारी की बेडियों में जकड़ा हूँ, आज़ाद कर दो मुझे
सपने है मेरे कुछ,  पंख दे दो उन्हें
होंसला  और विश्वास है मेरे पास, अपना साथ दे दो मुझे
मौका दो मुझे - जीने दो मुझे, जीने दो मुझे
एक आत्मनिर्भर जीवन, जीने दो मुझे
सुनकर हैरान था बाबू ,
बोला मुझसे - होंसला और साहस  है तुझ में
जीने की आस है तुझे

हम सभी आत्म-निर्भर है , इन बच्चों  के अधूरे सपनो को पूरा कर सकते है। 
तो क्यों न हम सब हाथ मिलाये
विकासशील देश को विकसित  बनाये
आइये हम सब आगे बढे
समाज की निम्न रेखा से इन लोगों को ऊपर ऊठाएं

और  इन्हे आत्म निर्भर बनाये। 

रविवार, 8 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (29)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का २९ वाँ भाग ...



अगर तुमने कभी , नदी को गाते नही
प्रलाप करते हुए देखा हैं
और वहाँ कुछ देर ठहर कर
उस पर गौर किया हैं
तो मैं चाहूंगी तुमसे कभी मिलूं!

अगर तुमने पहाडों के
टूट - टूट कर बिखरने का दृश्य देखा हैं
और उनके आंखों की नमी महसूस की हैं
तो मैं चाहूंगी तुम्हारे पास थोडी देर बैठूं !

अगर तुमने कभी पतझड़ की आवाज़ सुनी हैं
रूदन के दर्द को पहचाना हैं
तो मैं तुम्हे अपना हमदर्द मानते हुए
तुमसे कुछ कहना चाहूंगी!  ....... स्व. सरस्वती प्रसाद 



अनुभूति से
शब्द तक की
यायावरी यात्रा में
यंत्रणा-व्यूह में ही
उलझ जाने वालों ...
पंक्तियों के मध्य बचे
खालीपन में भी
याचित यातना को
ठूंस-ठूंस कर भरने वालों ...
कभी किसी शाम
अपनी यातना-यंत्रणा को
समय के सटर-पटर से
बलात छीनो , ले जाओ
अपने ही श्मशान घाट पर ...
कलेजे पर पत्थर डालो
मंत्रोच्चार करो , मुखाग्नि दो
अपनी नदी में डुबकी लगाकर
जितना हो सके शुद्ध हो ...
ओ! मेज़ के कोरों पर
सिर रखकर रोने वालों
फिर समय से संवाद करके
उसी की गोद में सोने वालों ...
कबतक यूँ ही
समय से
संपीडक संवाद करोगे ?
अपने साँसों के अंतराल को
व्यर्थ सुग-सुग से भरोगे ?
छोड़ो भी ये सब और
अपने विचार-पत्थरों को
जैसे-तैसे तैर जाने दो
चिंतन-कगारों को आपस में
कैसे भी टकराने दो
और हर एक आवेग को
उफनकर उलझ जाने दो ...
ये यायावरी यात्रा है तो
दिशा-भ्रम होगा ही
इसलिए दिशा को भी
यूँ ही भटक जाने दो ...
यदि कहीं
मील के पत्थर मिले तो
आकुल-व्याकुल भावों को
जरा सा अटक जाने दो ...
ये अनुभूति की जो
कई-कई योजन की दूरियाँ है
ये बामन मन
लांघ जाना चाहता है
मत रोको!
उसे लांघ जाने दो और
अपनी यायावरी यात्रा को
जितना हो सके
एक युगंकर बन जाने दो .

(प्रवीण पाण्डेय)

एक वर्ष पहले तक मुझे भी यह तथ्य पता नहीं था, हो सकता है आप में से बहुतों को भी यह तथ्य पता न हो। कारण हमारी जिज्ञासा में नहीं होगा, कारण इतिहास के प्रारूप में है। इतिहास सम्राटों के उत्कर्ष तो बताता है, उनका संक्रमण काल भी लिख देता है, हो सके तो स्थायित्व काल में हुये सांस्कृतिक और सामाजिक उन्नति को स्थान भी दे देता है, पर शिखर पर बैठे व्यक्तित्व के मन में क्या चल रहा है इतिहास कहाँ जान पाता है उस बारे में? इतिहास तथ्यों और तिथियों में इतना उलझ जाता है कि उसे सम्राटों के निर्णयों के अतिरिक्त कुछ सोचने की सुध ही नहीं रहती है। उन निर्णयों के पीछे क्या चिन्तन प्रक्रिया रही होगी, क्या मानसिकता रही होगी, इसका पता इतिहास के अध्ययनकर्ताओं को नहीं चल पाता है।

ऐसा ही एक अनुभव मुझे एक वर्ष पहले हुआ, जब मैं श्रवणबेलागोला गया। श्रवणबेलागोला गोमतेश्वर की विशाल प्रतिमा के लिये प्रसिद्ध है और जैन मतावलम्बियों के लिये अत्यन्त पवित्र तीर्थ स्थान है। बंगलोर से लगभग डेढ़ सौ किलोमीटर स्थित यह स्थान अपने अन्दर इतिहास का एक और तथ्य छिपाये है जो गोमतेश्वर के सामने वाली पहाड़ी पर स्थित है। यहाँ पर चन्द्रगुप्त मौर्य ने अपने प्राण त्यागे थे।

सम्राटों की मृत्यु उनकी सन्ततियों के लिये राज्यारोहण का समय होता है। अतः स्वाभाविक ही है कि उस समय इतिहास का सारा ध्यान नये राजाओं पर ही रहता है। मृत्यु वैसे भी इतिहास के लिये महत्वपूर्ण या आकर्षक घटना नहीं होती है, यदि वह अत्यन्त अस्वाभाविक न हो। चन्द्रगुप्त की मृत्यु भी इतिहास का ऐसा ही बिसराया अध्याय है। संभवतः मेरे लिये भी सामान्य ज्ञान बन कर रह जाता, इतिहास का यह बिसराया तथ्य यदि उसमें तीन रोचक विमायें न जुड़ी होतीं।

पहली, चन्द्रगुप्त की मृत्यु मात्र ४२ वर्ष में हुयी। दूसरी, मृत्यु के समय वह एक जैन सन्त हो चुके थे। तीसरी, उनकी मृत्यु स्वैच्छिक थी और आहार त्याग देने के कारण हुयी थी।


सम्राट चन्द्रगुप्त
ये तथ्य जितने रोचक हैं, उससे भी अधिक आश्चर्य उत्पन्न करने वाले भी। ये तथ्य जब चन्द्रगुप्त के शेष जीवन से जुड़ जाते हैं तो चन्द्रगुप्त के जीवन में कुछ भी सामान्य शेष रहता ही नहीं है। बचपन में चरवाहा, यौवन में सम्राट और मृत्यु जैन सन्तों सी। जन्म पाटलिपुत्र में, अध्ययन व कार्यक्षेत्र गान्धार में, सम्राट देश भर के और मृत्यु कर्नाटक के श्रवणबेलागोला में। चन्द्रगुप्त का आरोह, विस्तार और अवरोह, सभी आश्चर्य के विषय हैं। यह सत्य है कि उन्हें गढ़ने में चाणक्य का वृहद योगदान रहा, पर उस उत्तरदायित्व का निर्वहन कभी भी सामान्य नहीं रहा होगा।

जब मैं सामने की पहाड़ी में चन्द्रगुप्त के समाधिस्थल को देख रहा था, मेरे मन में तिथियों की गणना चल रही थी। चन्द्रगुप्त २० वर्ष की आयु में भारत का सम्राट बन गया था, २२ वर्षों के शासनकाल में प्रारम्भिक ५ वर्ष विस्तार और स्थायित्व के प्रयासों में बीते होंगे। १५-१६ वर्ष का ही स्थिर शासन रहा होगा। तब क्या हुआ होगा कि चन्द्रगुप्त सारा राज्य अपने पुत्र बिन्दुसार को सौंप कर ४२ वर्ष की आयु में न केवल जैन सन्त बन गये वरन निराहार कर स्वैच्छिक मृत्यु का वरण कर लिये। इतिहास के अध्याय इस विषय पर मुख्यतः मौन ही दिखे। जिसने सारा जीवन संघर्षों में काटा हो, जो उत्कर्षों को उसके निष्कर्षों तक छूकर आया हो, जिसने विस्तारों को उनकी सीमाओं तक पहुँचा कर आया हो, उसका असमय अवसान इतिहास की उत्सुकता का विषय ही नहीं?

मैं भी अगले वर्ष ४२ का हो जाऊँगा। एक ४२ वर्ष के वयस्क के रूप में चन्द्रगुप्त को स्वेच्छा से मृत्यु वरण करते देखता हूँ तो चिन्तनमग्न हो जाता हूँ। चिन्तन इस बात का नहीं था कि चन्द्रगुप्त कि मृत्यु किस प्रकार हुयी, चिन्तन इस बात का था कि ४२ वर्ष की आयु में ऐसा क्या हो गया कि चन्द्रगुप्त जैसा सम्राट अवसानोन्मुख हो गया। न कोई नैराश्य था, न पुत्रों में शासन पाने की व्यग्रता, न कहीं गृहयुद्ध, न कहीं कोई व्यवधान, तब क्या कारण रहा इस निर्णय का? आजकल की राजनीति देखता हूँ तो ४२ वर्ष तो प्रारम्भ की आयु मानी जाती है। ५० वर्ष के पहले तो वानप्रस्थ आश्रम का भी प्रावधान नहीं रहा है, उसके बाद सन्यास आश्रम, तब कहीं जाकर मृत्यु और वह भी स्वाभाविक।

शान्तचित्त वह चन्द्रगिरि में
इतिहासविदों ने भले ही चन्द्रगुप्त पर कितना ही लिखा हो पर इन तथ्यों पर जैसे ही विचार करना प्रारम्भ करता हूँ, चन्द्रगुप्त कहीं खोया हुआ सा लगता है। ऐसा लगता ही नहीं कि हम चन्द्रगुप्त के सारे पक्षों को समझ पाये हैं, ऐसा लगता ही नहीं कि सम्राट के मन में चल रहे विचारक्रम को हम समझ पाये हैं, ऐसा लगता ही नहीं कि हम इतिहास के इस महत्वपूर्ण कालखण्ड को समझ पाये। इतिहास तो सदा ही हड़बड़ी में रहता है, उसे न जाने कितने और कालखण्ड समेटने होते हैं, पर चन्द्रगुप्त हमारे गौरव का प्रतीक रहा है, हमें यह अधिकार है कि हम उसके बारे में और अधिक जाने।

चन्द्रगुप्त के व्यक्तित्व ने सदा मुझे व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया है। जीवन यात्रा कितनी उपलब्धिपूर्ण हो सकती है, कितनी सार्थक हो सकती है, कितने आयाम माप सकती है, यह चन्द्रगुप्त का जीवन बता जाता है। श्रवणबेलागोला में शिला सा शान्त बैठा चन्द्रगुप्त पर मेरी समझ को भ्रमित कर देता है। वहाँ से आये लगभग एक वर्ष हो गया, मेरे प्रश्न को न ही कोई ऐतिहासिक उत्तर मिल पाया है और न ही कोई आध्यात्मिक उत्तर मिल पाया है। ४२ वर्ष की आयु में भला जीवन का कितना गाढ़ापन जी लिया कि चन्द्रगुप्त विरक्तिमना हो गये।

जहाँ कुछ राजकुलों का जीवन लोभ और लोलुपता से सना दिखता है, भाईयों के रक्त से सना दिखता है, पिताओं के अपमान से दग्ध दिखता है, चन्द्रगुप्त का न केवल जीवन अभिभूत करता है, वरन उसकी मृत्यु भी आश्चर्यकृत कर जाती है।

मेरे प्रश्न आज भी अनुत्तरित हैं, मुझे प्रभावित करने वाले व्यक्तित्व का जीवनक्रम आज भी मेरी बुद्धि के क्षमताओं की परिधि तोड़कर गोमतेश्वर की महान प्रतिमा के सम्मुख शिला रूप धर शान्त बैठा है। वह अब कुछ भी बताने से रहा। मैं भी ४२ वर्ष का हो जाऊँगा, मुझे भी अनुभवजन्य उत्तर नहीं सूझते हैं। मेरा आदर्श मुझे अपने हाथ से छूटता हुआ सा प्रतीत होता है, चन्द्रगुप्त इतिहास के पन्नों से सरकता हुआ सा लगता है, सम्राट की व्यक्तिगत चिन्तन प्रक्रिया खोयी सी लगती है।

मुझे मेरा खोया चन्द्रगुप्त चाहिये।

मुक्त करती हूँ तुम्हे  
हर उस बंधन से 
जो बुने थे 
सिर्फ और सिर्फ मैंने 
शायद उसमे 
ना तुम बंध सके 
ना मैं बाँध सकी 
निकल जाना है  
अलग राह पर 
लेकर अपने 
सपनो की गठरी 
जिसे सौपना था तुम्हे 
खोलना था बैठकर 
तुम्हारे सामने 
लेकिन अब नहीं...!
क्योंकि जानती हूँ 
गठरी खुलते ही 
बिखर जायेंगे 
मेरे सारे सपने 
कैसे समेटूंगी भला 
दोबारा इनको 
और हाँ...! 
इतनी सामर्थ्य नहीं मुझमे 
कि समेट सकूँ इन्हें 
इसीलिए ...
कसकर बांध दिया है 
मैंने उन गाठों को 
जो ढीली पड़ गईं थी
मुझसे अनजाने में 
अच्छा अब चलती हूँ 
अकेले जीना चाहती हूँ 
बची - खुची साँसों को 
हो सकता है...?
तुम्हे मुक्त करके 
मैं भी मुक्ति पा जाऊं....

शनिवार, 7 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (28)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का २८ वाँ भाग ...



अकेलापन..........
घंटों मुझसे बातें करता है
भावनाओं को तराशता है
जीने के लिए
मुठ्ठियों में
चंद शब्द थमा जाता है...........



(अनु सिंह चौधरी)

दो हफ्ते भी नहीं हुए इस बात को। आपको सुनाती हूं ये वाकया। मैं अलवर में थी, दो दिनों के एक फील्ड विज़िट के लिए। मैं फील्ड विज़िट के दौरान गांवों में किसी महिला के घर में, किसी महिला छात्रावास में या किसी महिला सहयोगी के घर पर रहना ज़्यादा पसंद करती हूं। वजहें कई हैं। शहर से आने-जाने में वक़्त बचता है और आप अपने काम और प्रोजेक्ट को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं - ये एक बात है। दूसरी बड़ी बात है कि आप किसी महिला के घर में और जगहों की अपेक्षा ख़ुद को ज़्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं। मेरी उम्र चौतीस साल है और मैं दो बच्चों की मां हूं। बाहर से निडर हूं और कहीं जाने में नहीं डरती। डरती हूं, लेकिन फिर भी निकलती हूं। रात में कई बार अकेले स्टूडियो लौटी हूं। देर रात की ट्रेनें, बसें या फ्लाइट्स ली हैं। कई बार मेरे पास कोई विकल्प नहीं होता, कई बार ख़ुद को याद दिलाना पड़ा है कि डर कर कैसे जीएंगे।

लेकिन यकीन मानिए, अंदर का डर वही है जो छह साल की एक बच्ची के भीतर होता होगा।

ख़ैर, इस बार अलवर में मेरे लिए एक होटल में रुकने का इंतज़ाम किया गया। मैं दिल्ली से अकेली गई थी, एक टैक्सी में। (यूं तो मैं पब्लिक ट्रांसपोर्ट लेने में यकीन करती हूं, लेकिन यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी 'safety' है?) दिन का काम खत्म करने के बाद बेमन से होटल में चेक-इन किया। मुझे अकेले होटलों में रहने से सख़्त नफ़रत है। फैंसी होटल था - सुना कि अलवर के सबसे बड़े होटलों में से एक। कार्ड लेकर कमरे में गई। पीछे से एक हेल्पर ने आकर मेरा सामान रखा। मैंने दरवाज़ा खोला और दरवाज़े पर ही खड़ी रही, तब तक जब तक वो हेल्पर मेरा सामान और टिप लेकर बाहर नहीं चला गया (मैं कमरे में अंदर किसी अनजान इंसान के साथ खड़ी होने का ख़तरा भी नहीं मोल लेती)। तब तक सहायक कार्ड लेकर उसे जैक में डालकर कमरे की बत्तियां जला चुका था।

अंदर आई। सबसे पहले दरवाज़ा देखा। दरवाज़े में भीतर कोई कुंडी, कोई चिटकनी नहीं थी। लोहे की एक ज़ंजीर थी बस, जिसके ज़रिए आप दरवाज़े को हल्का-सा खोलकर बाहर देख सकते थे। सेफ्टी के नाम पर बस इतना ही। वो ज़ंजीर भी बाहर से खोली जा सकती थी। वैसा दरवाज़ा बाहर से किसी भी डुप्लीकेट कार्ड से खोला जा सकता था।

मैंने रिसेप्शन पर फोन किया। पूछा, "भीतर से दरवाज़ा बंद कैसे होता है?" एक आदमी आया और कमरे में घुसते ही उसने सबसे पहले कार्ड निकाल लिया, "इसी कार्ड से बंद होगा कमरा", उसने कहा और कार्ड निकालकर मोबाइल की रौशनी में दरवाज़ा बंद करने का तरीका बताने लगा। कमरे में घुप्प अंधेरा, मोबाइल की हल्की रौशनी के अलावा। मैं इतनी ज़ोर से डर गई थी कि मुझे पक्का यकीन है, उस आदमी को मेरे मुंह में आ गई जान और मेरी धड़कनें साफ़ सुनाई दे गई होंगी। (विडंबना ये कि मैं अभी-अभी गांव में लड़कियों के स्कूल में सेल्फ-डिफेंस की ज़रूरत पर बक-बक करके आई थी)

मैंने ज़ोर से चिल्लाकर कहा, "लाइट जलाइए आप पहले।"

उसने मुझे घूमकर देखा और कहा, "मैडम मैं तो..."

"मैं समझ गई हूं कि दरवाज़ा कैसे बंद होता है। पुट द डैम थिंग बैक एंड स्विच ऑन द लाईट्स", मैंने चिल्लाकर कहा, उस आदमी को कमरे के बाहर भेजा, रिसेप्शन पर फोन करके उन्हें कमरे में चिटकनियों की ज़रूरत पर भाषण दिया (जो महिला रिसेप्शनिस्ट को समझ में आया हो, इसपर मुझे शक़ है) और फिर दरवाज़ा अंदर से बंद कर दिया। उसके बाद मैंने जो किया वो हर उस कमरे और नई जगह पर करती हूं जहां सोने में मुझे घबड़ाहट होती है। मैंने कमरे के स्टडी टेबल को खींचकर दरवाज़े के पीछे लगाया। फिर उसके ऊपर भारी-भरकम बेडसाईड टेबल रखा। फिर उसके ऊपर अपना सूटकेस रखा।

नहीं, उस रात मुझे नींद नहीं आई थी और वो रात कई उन रातों में से थी जिस रात मुझे अकेले (या अपने बच्चों के साथ अकेले) सफ़र करते हुए नींद नहीं आती। क्यों? मैंने ट्रेन में अपनी बर्थ पर सो रही एक अकेली लड़की के साथ रात में बदतमीज़ी होते देखा है। वो लड़की डर के मारे नहीं चिल्लाई थी। मैं चिल्लाई थी। हर हिंदुस्तानी लड़की की तरह मैंने अपने बचपन में एक भरे-पूरे घर में छोटी बच्चियों तो क्या, बड़ी लड़कियों और छोटे लड़कों के साथ होती गंदी हरकतें देखी हैं जिसे सेक्सुअल अस़ल्ट कहा जाता है। देखा है कि उन्हें कहां-कहां और कैसे छुआ जाता है। ये भी बताती हूं आपको कि इनमें से कई बातें मुझे आजतक किसी को भी बताने की हिम्मत नहीं हुई, मां को भी नहीं और मुझे पक्का यकीन है कि उन लड़कियों ने भी किसी से कहा नहीं होगा। चुप रह गई होंगी। क्यों, वो एक अलग बहस और विमर्श का मुद्दा है। उस दिन भी मैंने गांव के स्कूल की बच्चियों की ज़ुबान में उनके अनुभव सुने थे। आप सुनेंगे तो आपको शर्म आ जाएगी। 

उस दिन मेरा हौसला पूरी तरह पस्त हो गया जिस दिन मेरी साढ़े छह साल की बेटी ने स्कूल ड्रेस पहनते हुए कहा, "मम्मा, स्कर्ट के नीचे साइकलिंग शॉर्ट्स पहना दो।" "क्यों", मैंने उसे तैयार करते हुए एक किस्म की बेफ़िक्री के साथ पूछा, "आज हॉर्स-राइडिंग है?" "नहीं मम्मा। कुछ भी नहीं है। स्कूल में लड़के नीचे से देखते हैं। सीढ़ी चढ़ते हुए, चेयर पर बैठते हुए। मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगता।"

मैं शब्दों में अपना शॉक बयां नहीं कर सकती। मैंने उसे मैम और मम्मा को बताने की दो-चार बेतुकी हिदायतों के बाद साइकलिंग शॉर्ट्स पहना दिया और पूरे दिन परेशान होकर सोचती रही। छह साल की बच्ची को अच्छी और बुरी नज़र का अंदाज़ा लग गया। हम अपनी बेटियों की कैसे समाज में परवरिश कर रहे  हैं! उसे विरासत में क्या सौंप रहे हैं? डर?

आद्या अभी भी पार्क में साइकलिंग शॉर्ट्स में जाती है, या फिर वैसे कपड़ों में जिससे उसकी टांगें ढंकी रहें। यकीन मानिए, मैंने उसे कभी नहीं बताया कि उसे क्या पहनना चाहिए। इस एक घटना ने मुझपर एक बेटे की मां होने के नाते भी ज़िम्मेदारी कई गुणा बढ़ा दी है। मैं रिवर्स जेंडर डिस्क्रिमिनेशन करने लगती हूं कभी-कभी, न चाहते हुए भी। बेटे को संवेदनशील बनाने की ज़िम्मेदारी बहुत बड़ी है। बेटा पालना ज़्यादा मुश्किल है, ज़्यादा बड़ी ज़िम्मेदारी है।

फिर भी 'रेप' या यौन हिंसा को रोकने के लिए ये काफ़ी नहीं है। जब तक छोटे से छोटे यौन अपराधों (ईवटीज़िंग, छेड़छाड़) को लेकर कानून को अमल करने के स्तर पर ज़ीरो टॉलेरेन्स यानी पूर्ण असहिष्णुता का रास्ता अख़्तियार नहीं किया जाएगा, महिलाओं, लड़कियों, बच्चियों के ख़िलाफ़ हिंसा को लेकर बड़े बदलाव की उम्मीद बेकार है। दरअसल, इतना भी काफ़ी नहीं। जब तक ज़्यादा से ज़्यादा लड़कियां और औरतें पब्लिक स्पेस में नहीं आएंगी, डिस्क्रिमिनेशन कम नहीं होगा। समस्या ये है कि एक समाज के तौर पर हम अभी भी लड़कियों और औरतों से घरों में रहने की अपेक्षा करते हैं। सार्वजनिक जगहों पर उनकी संख्या को लेकर हम कितने पूर्वाग्रह लिए चलते हैं, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मेट्रो में, लोकल ट्रेनों में महिलाओं के नाम के एक ही कोच होते हैं। बाकी जनरल कोचों में गिनी-चुनी महिलाएं। अपने दफ्तरों, बाज़ारों, दुकानों, सड़कों, गलियों में देख लीजिए। क्या अनुपात होता है पुरुष और महिला का? को-एड स्कूलों में? कॉलेजों में? डीटीसी की बसों में महिलाओं के लिए कितनी सीटें आरक्षित होती हैं? शहर की सड़कों पर कितनी महिलाओं को गाड़ी चलाते देखा है आपने? ६६ सालों में सोलह राष्ट्रीय आम चुनाव, लेकिन देश की ४८ फ़ीसदी आबादी के प्रतिनिधित्व के लिए ३३ फ़ीसदी सीटों के आरक्षण को लेकर बहस ख़त्म ही नहीं होती। जो पुरुष औरतों को बराबरी का हक़दार मानते ही नहीं, वे उसे अपमानित, शोषित और पीड़ित करने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे। फिर हमारे यहां तो यूं भी पुरुषों के इस बर्ताव को मर्दानगी समझा जाता है। जब तक मर्दानगी की परिभाषा बदलेगी नहीं, मर्द नहीं बदलेंगे, बराबरी की बात फ़िज़ूल है। हम हर बलात्कार का मातम ही मना सकते हैं बस।    

रह गईं औरतें और लड़कियां तो सदमे में होते हुए भी, अपने डर से लड़ते हुए भी बाहर जाने और काम करने का हौसला रखेंगी ये। हमारे पास चारा क्या है? फिर भी मैं अकेले अनजान जगहों पर सफ़र करने की हिम्मत रखूंगी, चाहे इसके एवज़ में मुझे कमरे को भीतर से कई सारे फर्नीचर लगाकर ही क्यों न बंद करना पड़े। फिर भी मैं मर्दों पर, लड़कों पर भरोसा करती रहूंगी। पूरी ईमानदारी से इस भरोसे को बचाए रखने की कोशिश करूंगी और इसके ख़िलाफ़ उठने वाले हर शक़ का इलाज ढूंढने की कोशिश करूंगी।  मैं फिर भी अपने बच्चों को एहतियात बरतने के साथ-साथ भरोसा करना ही सिखाऊंगी। बेटी नज़र और 'टच' पहचानने ही लगी है। बेटा भी शायद धीरे-धीरे अपनी बहन की ख़ातिर और उसके जैसी कई लड़कियों की ख़ातिर ख़ुद को बदलना सीख जाए, मर्दानगी की परिभाषा बदलना सीख जाए। आमीन! 


(रश्मि शर्मा)

ट्रि‍न-ट्रि‍न
साईकि‍ल की घंटी सुन
घर से कई बार
मैं अब भी बाहर नि‍कल जाती हूं
इस आस में
कि डाकि‍या के थैले में
आज तो
कोई चिट़ठी होगी
मेरे नाम की........

बरसों बाद सही
ख़त में
नीले स्‍याही से लि‍खे
बि‍ना संबोधन वाली
चार पंक्‍ति‍यों के नीचे
एक नाम तो होगा
और ठीक उसके उपर
लि‍खा होगा --'तुम्‍हारा'....

मैं मान लूंगी
जो मेरा था
वो अब भी मेरा ही है
और धुंधलाए से कुछ शब्‍दों को
चूम लूंगी ये सोचकर
कि मेरी याद में गि‍रे
आंसुओं का है नि‍शान ये....

इंतजार में खड़ी
भूल जाती हूं
कि अब इस गली में
कोई डाकि‍या नहीं आता
मीलों दूर शहर में
जा बसने वाला
अब नहीं लि‍खता
कोई चिट़ठी
मेरे नाम की...


वक्त
वक्त बहता  ही रहा
 सरहदों को पार करता
बेसबब इतिहास गढ़ता
अनगिनत सुर्ख़ियों पर
बेजुबां  परिहास करता
वक्त बहता ही रहा 

पकड़ने की कोशिशें
सब धूल में मिलती रही
अपनी ही नाकामियां
पर मुखर होती रही
कर के सिजदा वक्त का
जुल्म   यूं सहता रहा
वक्त बहता ही रहा

निष्फल नहीं होते प्रयतन 
मंत्र यह बस साथ था
मुश्किलों के दौर में भी
साथ मेरा हाथ था
छू ही लूँगा अब तो मंजिल
पग निरंतर धरता  रहा
वक्त बहता ही रहा

चीर कर सीना वदन का
हर कदम आगे बढेगा
यह कभी रूकता नहीं है  
वक्त के संग दम बहेगा
ले संबल संकल्प  का
कर्म बस करता रहा
वक्त बहता ही रहा 

शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (27)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का २७ वाँ भाग ...



समय कहता रहा,
हम सुनते रहे
कब शब्द उगे हमारे मन में
जाना नहीं
सुबह जब अपने नाम के पीछे
पड़े हुए निशानों को देखा
तो जाना-
एक पगडण्डी हमने भी बना ली !  ……… 

(मधुरेश)



जीवन का मदिरालय प्यारा,
भांति-भांति से भरता प्याला,
रंग हो चाहे जो हाले का,
नशा सभी ने जम के पाला। 

ज्यों ही एक नशे की सरिता
करे पार, हो जाए किनारा,
त्यों ही दूजी सरिता आकर
मिल जाए, बह जाए किनारा।

हर पग रुकता, थमता-झुकता,
फिर भी आगे बढ़ता रहता,
कौन नशा जीवन से बढ़कर-
डगमग में भी स्वयं संभलता!

हर निशा में एक मधु है,
हर तम लाती एक नशा है,
हो अधीर फिर भी है पीता,
भूले स्मृति-उसकी मंशा है।

लेकिन भूल कहाँ पाता है!
स्मृतियाँ फिर भी आती हैं। 
और नशे में नित-नित नव-नव
श्रृंखलाएं बनती जाती हैं।

मगर अंत में एक प्रकाश फिर 
अंतस उज्जवल कर जाता है,
बड़े जतन से जाते जाते
ही लाइफ का हैंग-ओवर जाता है!


(ktheLeo)

औरत और दरख्त में क्या फ़र्क है?
मुझे नज़र नहीं आता,
क्या मेरी बात पे 
आपको यकीं नहीं आता!
तो गौर फ़रमाएं,
मैं गर गलत हूँ!
तो ज़ुरूर बतायें
दोनों दिन में खाना बनाते हैं
एक ’क्लोरोफ़िल’ से,
और दूसरी
गर कुछ पकाने को न हो,
तो सिर्फ़ ’दिल’ से!
एक रात को CO2 से साँस बनाये है,
दूसरी हर साँस से आस लगाये है,
पेड की ही तरह ,
औरत मिल जायेगी,
हर जगह,
खेत में, खलिहान में,
घर में, दलान में,
बस्ती में,श्मशान में,
हाट में, दुकान में,
और तो और वहाँ भी,
जहाँ कॊई पेड नहीं होता,
’ज़िन्दा गोश्त’ की दुकान में!
अब क्या ज़ुरूरी नहीं दोनों को बचाना?

एक साधारण सी लड़की हर बड़े-छोटे शहर में कही भी कुछ हालत से कुछ खुद से उलझी। रंग गेहुआ सा। उम्र वहीं कोई बीस बाइस साल। यौवन पर चढ़ाव, मन कोमल सा। भोली-भाली सी सुरत, आंखें सुखे झील सा। दिखे जैसे वसंत में खिले सरसों सा। पर उसके अंदर ऐसा हुक था जो जान सका न कोई। कहीं खौफ था वजूद खोने का। मानो जैसे खो ही गया था उसका वजूद। कुछ साल पहले दोस्तों के जिदंगी को देख बचपन में लगी चोट आंखों में सिमट गया था, भूलकर भी कभी प्यार न करने को तय किया था। भागमभाग वाली शहर में न जाने
कहां से जिदंगी को सुकुन मिला। कई दफा तो ऐसा लगा मायावी दुनिया का माया तो नहीं। इनसानी जद्दोजहद के गहरे एहसास पिघलकर उसके सीने में उतरता। फिर भी उसकी तलाश खत्म नहीं होती है। उसके सीने में भटकाव का तपिश थी, जो छोटे शहर से खिंचते हुए वहां तक लाया था। उसको जाना है जिदंगी में बहुत दूर तक। अभी तक वह अकेली चली पर अब क्यों लगता है उसको दोस्त की जरूरत है जिसके लिए अचानक रास्ता बदल शहर आ गई थी। वह था साथ-साथ हमेशा उसकेलड़की को महसूस होता था, लेकिन वह चुप थी उसके इंतजार में। कुछ दिन उसकी इंतजार खत्म हुई। एक-दूसरे को प्यार करने लगे, दिन में साथ-साथ रहते पर बातें कम करने लगे, दूर जाते तब उनकी बातें व उनकी आंखों में दिखता अपनापन याद आने लगा। हंसी और पल भर का गुस्सा!! इस लफ्ज के मायने हैं उसके लिए। उसके हंसी चेहरे पर गम कभी दिखती नहीं, अपनों पर उसका गुस्सा पल भर का रहता बहुतों में वह अलग दिखती जिसकी विश्वास उसकी जिदंगी बन गई। वह हर पल उसका होता गया और खुशबू की बयां करने की तलब बढ़ती गई। उनके बीच खास लगाव थी
क्योंकि दोनों की प्यार दूर  होते हुए भी जज्बाती थी और साथ था रिश्तों का विश्वास। औरों से अलग-अलग दुनिया है उनके पास। फिर भी तरसते है मिलने को। न जाने कौन सा प्यार है जिसको खुदा मानते है क्योंकि खुदा भी दूर रहते हुए एक-दूसरे के पास है। शायद इसलिए। अल्फाजों में बयान नहीं की जा सकती उनकी कहानी को। फिर भी .....................
सानो को देख नीर कभी सोचा न था सानो सिर्फ नीर की होना चाहती है। सानो जो अलग थी। उसकी आंखों में वह कशिश थी जो पाने को जी चाहता था। सानो सपना देखा करती थी मंजिल की ऊचाईयों को छूने का। मंजिल की सीढ़ी मिली उसे जाना पड़ा कही दूर सपनों को पूरा करने के लिए। नीर था दूर फिर भी उसके पास था। हर दिन बातें होती। दोनों के पास एक धरोहर था वह था उनकी दूरी। नीर को नौकरी मिली वह भी अपने सपने को पूरा करने के लिए मेहनत करने लगा। मंजिल मिलता गया कारवां बनता गया न मिटा तो उसका अनुभव। उसकी जिदंगी की सबसे बड़ी खुशी थी कि उसको कोई चाहता है। नीर और सानो अनुभव करते है जीवन एक प्रतिध्वनि है। तुम जो करते हो तुम पर बरस जाता है जितना तुम्हारा प्रेम बढ़ता है उतना उन्हें साफ होने लगता है कि दूरी से कोई पराया नहीं होता, जिससे प्रेम हो जाता है उनसे परायापन मिट जाता है। सानो मानती है कि एक का दुख दूसरा अनुभव करता है। जो निर्मल होता है। सानो किसी ग्रुप में नौकरी करती थी, वहां का माहौल और लोगों से वाकिफ नहीं थी। नौकरी के दौरान लागों की स्टाइल, रहन-सहन और चाटुकरा देख सोचती काश मैं भी ........पर खामोश होकर सबकी हरकतें देखी और सोचती ऐसी ही दुनिया है जहां लोग अपने को लाइमलाइट करने के लिए दूसरों का सहारा लेते हैं। सानो के पास आत्मविश्वास और जोश की कमी नहीं, लेकिन वह इतनी भोली थी कोई भी अपना उल्लू सीधा कर लें। नीर हर उस माहौल से वाकिफ था जिसकी परछाई आइने में साफ झलकती है। वह कहता औरत/लड़की समाज की आइना है। हर माहौल को अच्छा खराब औरत बना सकती है। औरत यानि महिला देश की ऐसी ताकत हैं, जो पूरे दुनिया को इधर से उधर कर दे पर उसको किसी सहारे की नहीं सहानुभूति की जरूरत है। सानो ने भी एक सपना देखा कि समाज के परदे की पीछे की बदली तस्वीर को दिखाएंगी, लेकिन शायद उनकी जिदंगी में भी वहीं होने वाला है, जो औरों के साथ होता है !!!

(आशा सक्सेना)


सुना था झूठ  के पैर नहीं होते
आज नहीं को कल
मुखोटा उतर जाता है
वह छुप नहीं पाता |
पर अब देख भी लिया
भेट हुई एक ऐसे बन्दे से
थी जिसकी झूठ  से गहरी यारी
इसकी  ही बुनियाद पर उसने
शादी तक रचा डाली
पहले पत्नी दुखी हुई
फिर निभाती चली गयी |
प्रथम भेट में अपने को उसने
 इंजीनियर बता प्रभावित किया
अपने चेहरे मोहरे का
 पूरा पूरा लाभ उठाया |
जब भी मिला किसी से
 बड़े झूठ  के साथ मिला
घर पर तो मुझे वह
 खानसामा ही नजर आया |
पत्नी ने भी बात बनाई
खाना बनाना और खिलाना
इनको बहुत भाता है
तभी तो हैं अवकाश पर
आप लोग जो आए हैं |
एक दिन हम जा पहुंचे
उसके बताए ऑफिस में
बहुत खोजा फिर भी न मिला
तभी एक ने बतलाया
अरे आप किसे खोज रहे  
वह कोइ इंजीनियर न था
फर्जी अंक सूची लाया था
केवल बाबू लगा था |
जब पोल पकड़ी गयी
वह नौकरी भी उसकी गयी
अब है वह बेरोजगार
एक झूठ  हो तो गिनाए कोई
समूचा झूठ  में था  लिप्त
सच से परहेज किये था |
उसने कभी सच बोला ही नहीं
था झूठों का सरदार
केवल  झूठ  का भण्डार |

बुधवार, 4 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (26)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का २६ वाँ भाग ...



शब्दों की यात्रा में, शब्दों के अनगिनत यात्री मिलते हैं, शब्दों के आदान प्रदान से भावनाओं का अनजाना रिश्ता बनता है - गर शब्दों के असली मोती भावनाओं की आँच से तपे हों तो यकीनन गुलमर्ग यहीं है...सिहरते मन को शब्दों से तुम सजाओ, हम भी सजाएँ, प्रतिभाओं की यात्रा को सार्थक करें....


(अभिषेक)

मै अपराजिता 
 मिट्टी में पानी में, सब में अलंकृता।

हर पल संजोया है 
दुखते हुए मन में। 
प्रीति कण बोया है,
फिर  भी हर क्षण में। 

धरती सा धीरज,
इसे तोड़ नहीं पाओगे। 
मोह कहो माया कहो 
छोड़ नहीं पाओगे। 

प्रकृति ने हर पल लिखा है मेरा पता। 
मै अपराजिता। 

फूलों से सुरभित,
कांटो से घेरी हुयी। 
आदि से अंत तक,
 मेरी ही फेरी हुयी। 

सारा संसार मेरी, 
पग ध्वनि पर नाचा है। 
गीता रामायण सबने, 
मुझे ही तो बांचा है। 

सूरज की किरण मै, चांदनी सी सुष्मिता। 
मै अपराजिता। 

तुम पढ़ते,
तो किताबों के गट्ठर में
एक दो किताबें
मैं भी लिखता तुम्हारे लिये।
तुम देखते,
तो गली के नुक्कड़ पे
सुबह शाम बैठा
मैं भी दिखता तुम्हारे लिये।

मैं भी लाता सिनेमा की टिकटें खरीद कर।

तुम हँसते,
खुश होते मेरे होने से
लड़ते मुझसे मेरे समय के लिए
तो मैं हारता तुम्हारे लिये।
युद्ध करता अन्दर
जीतता मैं खुद से
बहुतों का करता सर कलम
और मारता तुम्हारे लिये।

मैं भी लाता सिनेमा की टिकटें खरीद कर। 

(वसुंधरा पाण्डेय)

शिरा में
रक्त के हर कण में
हड्डियों के जाल में

दिन-रात जो करता है विचरण
वह प्रेम है...

कटुता को मधुर बनाता
असत्य को,सत्य की ओर ले जाता
पापी को पुण्यवान बनाता
अन्धकार में प्रकाश दिखाता
वह प्रेम है...

है जीवन का सार
आकाश के सामान सर्वनिष्ठ
   जो करे  सौन्दर्य में वृद्धि
जो ईश्वरोन्मक्त हो जाता है

वह प्रेम है...वह प्रेम है...!!

मंगलवार, 3 दिसंबर 2013

प्रतिभाओं की कमी नहीं (25)

ब्लॉग बुलेटिन का ख़ास संस्करण -

अवलोकन २०१३ ...

कई भागो में छपने वाली इस ख़ास बुलेटिन के अंतर्गत आपको सन २०१३ की कुछ चुनिन्दा पोस्टो को दोबारा पढने का मौका मिलेगा !

तो लीजिये पेश है अवलोकन २०१३ का २५ वाँ भाग ...



प्रतिभाएँ प्रतिभाओं को तराशती हैं, जिन तंग रास्तों से वे गुजरती हैं- उसकी रेखाएँ निर्धारित कर भविष्य के तंग रास्तों को थोड़ा सहज बनती हैं ! लक्ष्य पाने के लिए द्रोण का होना, द्रोण सा होना ज़रूरी होता है  .... 



(मुकेश पाण्डेय चन्दन)

अक्सर मुझसे नवयुवाओं का प्रश्न होता है , कि प्रतियोगी परीक्षाओं कि तैयारी की शुरुआत कैसे करें ...
मैं ग्रामीण पृष्ठभूमि से हूँ ...
या  मेरी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नही है ...
या मुझे सही मार्गदशन कैसे और कहाँ से प्राप्त होगा ....
या मैं किस प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करूँ  .....
मुझे तैयारी के लिए क्या करना चाहिए ...
मैं कौन सी किताबे या पत्रिकाएँ पढूं ...
इस तरह के बहुत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से सम्बंधित सवाल पूछे जाते है ....
मेरी इस पोस्ट पर भी इसी तरह से सवाल पूछे गये है ..आप इसी लाइन पर क्लिक करके इसे देख सकते है  
तो इस तरह के सवालों ने ही मुझे इस पोस्ट को लिखने के लिए प्रेरित किया है . आज की ये पोस्ट इसी तरह के सवालों  के जवाब ढूंढने की कोशिश है .

सबसे पहला और महत्वपूर्ण प्रश्न कि किस प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करें ?
तो अक्सर लोग दुसरे सफल प्रतियोगिओन को देख कर या किसी के कहने पर अपने लिए प्रतियोगी परीक्षाओं को चुन लेते है , कि मुझे इस क्षेत्र कि तैयारी करनी है . मेरे ख्याल से ये गलत तरीका है , चूँकि सफलता आपको प्राप्त करनी है , तो निर्णय भी आपका होना चाहिए . अब सवाल आता है , कि सही निर्णय कैसे लिया जाये ? तो मेरा सुझाव है कि इस के लिए कुछ महत्वपूर्ण बातों पर गौर करना आवश्यक है . पहली बात आपका रुझान किस क्षेत्र कि ओर है ?
 आप किस विषय या क्षेत्र में कठिन परिश्रम कर सकते हो ?   
आपके लिए किस क्षेत्र में आसानी से मार्गदर्शन , सुविधाएं या व्यवस्थाएं मिल सकती है ?
आपका उद्देश्य क्या है ?
अब आप अगर इन बातों पर गौर करते है , तो आपको अपना लक्ष्य कुछ स्पष्ट सा होता नज़र आएगा . लक्ष्य का स्पष्ट होना अति महत्वपूर्ण है , क्योंकि अगर आपको ये ही नही पता कि जाना कहाँ है , तो आप कभी भी कहीं नही पहुच पाएंगे . हाँ एक और महत्वपूर्ण बात बताना चाहूँगा , कि बार -बार लक्ष्य न बदले या एक साथ बहुत से लक्ष्य न निर्धारित करें . अक्सर लोग जब जो प्रतियोगी परीक्षा आई , तो उसका फार्म डालकर उसकी तैयारी शुरू कर देते है , ये बहुत ही गलत तरीका है , इससे कभी सफलता नही पाई जा सकती है . आपका हमेशा एक लक्ष्य एक ध्येय बनाये और उसकी सही तरीके से व्यवस्थित तरीके से तैयारी करें . हाँ उसी क्षेत्र से मिलते हुए क्षेत्र कि तैयारी कर सकते है , जैसे संघ लोक सेवा आयोग कि तैयारी वाले लोग राज्य लोकसेवा आयोगों की परीक्षाएं आसानी से दे सकते है . इसी तरह रेलवे की तैयारी करने वाले रेलवे की वोभिन्न परीक्षाओं में शामिल हो सकते है , क्योंकि इन परीक्षाओं का पैटर्न लगभग एक सा होता है . अब आप सिविल सेवा , एस एस सी , रेलवे , बैंक आदि सभी परीक्षाएं दे तो ये गलत है .
 अब अगर हम बात करे सफलता के लिए पृष्ठभूमि की ..तो पारिवारिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि कही न कही आपकी सफलता पर प्रभाव तो डालती है . लेकिन ऐसा बिलकुल नही है , कि निम्न पृष्ठभूमि वाले लोग सफल नही होते . हम आजकल अक्सर समाचार पत्रों में गरीब एवं विपरीत परिस्थितिओं वाले लोगो की सफलता के बारे में पढ़ते रहते है . इन परिस्थिति में तैयारी करना अपेक्षाकृत थोडा कठिन होता है , लेकिन असंभव नही होता . दुनिया में अधिकांश महापुरुष इन्ही परिस्थितिओं से आये है . अगर  दिल में जज्बा -जूनून और साथ में कड़ी मेहनत हो तो सफल होने से कोई नही रोक सकता है . सिर्फ सपने ही न देखे बल्कि उनको पूरा करने के लिए दिन-रत मेहनत करे तो सफलता से कोई रोक नही सकता .
अब सही मार्गदर्शन कहाँ से और कैसे प्राप्त करें ....तो आज बाजार में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग संस्थानों की कतार लगी है ..सभी अपने आपको सर्वश्रेष्ठ घोषित करते है . ऐसे में हम क्या करें  ?
सही कोचिंग संसथान के बारे में पता करने के लिए उनके वर्तमान एवं पूर्व छात्रो से मिले ...जरुरी नही कि आप किसी संस्थान से ही मार्गदर्शन प्राप्त करें ..अगर कोई योग्य शिक्षक या सफल प्रतियोगी से भी मार्गदर्शन मिलता है , तो भी हम अपनी तैयारी सही तरीके से जारी रख सकते है .और आज इन्टरनेट के ज़माने में मार्गदर्शन और पाठ्य सामग्रियों की कोई कमी नही है . सोशल मीडिया में भी लगभग सभी तरह की परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध है .  बस कमी है तो खुद मेहनत करने की .
अब बात करें कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की शुरुआत कैसे करें ?
सबसे पहले हम अपना लक्ष्य निर्धारित करते है ....ये बहुत महत्वपूर्ण है . लक्ष्य निर्धारण के बाद हम उस क्षेत्र से सम्बंधित सफल या अनुभवी व्यक्ति से सलाह -मशविरा कर सकते है . उस क्षेत्र की तैयारी की शुरुआत कैसे हो ...पाठ्य सामग्री कहाँ से और कैसे मिलेगी ? हमें तैयारी में कितना और कैसे समय देना होगा ?

(नित्यानंद गायेन)

अपने आवारा दिनों में 
मैं भी नंगे पैर घास पर चलता रहा 
महाकवि 'वॉल्ट व्हिटमॅन' की तरह 

मैं सोचता रहा 
अपने मन में पल रहे विद्रोह के बारे में
मैंने 'नजरुल' को पढ़ा
गौर से देखता रहा मेरे आसपास की हर घटना को
मैं सुनता रहा
तुम सबकी बातें
मेरे आस -पडोस में लोगों ने
जमकर मेरी आलोचना की

मैंने 'कबीर' को सोचा उस वक्त
तभी मुझे याद आई
'सुकरात' की कहानी
फिर अचानक
मेरे मस्तिक में उभरने लगा क्रांति में शहीद हुए
क्रांतिकारियों का रक्तिम चेहरे
शासन के हाथों घायल होते हुए भी
बंद मुट्ठी लिए
क्रांति के लिए
उठे हुए लाखों हाथ

मैंने अपने कांपते तन -मन को
संभालने की नाकाम कोशिश की
अचानक मैंने भी मुट्ठी बनाकर
इन्कलाब कहकर
आकाश की ओर उठा दिया अपना हाथ

क्रोध मन का एक अस्वस्थ आवेग है। जीवन में अप्रिय प्रसंग, वंचनाएं, भूलें, असावधानियां, मन-वचन-काया की त्रृटियों से, जाने अनजाने में विभिन्न दुष्करण  होते रहते है। मनोकामनाएं असीम होती है, कुछेक की पूर्ति हो जाती है और अधिकांश शेष रहती है। पूर्ति न हो पाने और संतोषवृति के अभाव में क्रोधोदय की स्थितियां उत्पन्न होती है।  क्रोध एक ऐसा आवेश है जो उठकर शीघ्र चला भी जाय, किन्तु अपने पिछे परेशानियों का अम्बार लगा जाता है। क्रोध आपके स्वभाव में घृणा भाव को स्थाई बना देता है।

क्रोध एक व्यापक रोग है। यह अपने उदय और निस्तारीकरण के मध्य क्षण मात्र का भी अवकाश नहीं देता। जबकि यही वह क्षण होता है जब विवेक को त्वरित जगाए रखना बेहद जरूरी होता है। यदपि  क्षमा, सहनशीलता और सहिष्णुता ही क्रोध  नियंत्रण के श्रेष्ठ उपाय है। तथापि क्रोध को मंद करने के लिए निम्न प्रथमोपचार कारगर हो सकते है, यथा…

1- किसी की भी गलती को कल पर टाल दो!
2- स्वयं को मामले में अनुपस्थित समझो!
3- मौन धारण करो!
4- वह स्थान कुछ समय के लिए छोड दो!
5- क्रोध क्यों आ रहा है, इस बात पर स्वयं से तर्क करो!
6- क्रोध के परिणामों पर विचार करो!

क्रोध के परिणाम -

संताप - क्रोध केवल और केवल संताप ही पैदा करता है।

अविनय - क्रोध, विनम्रता की लाश लांघ कर आता है। क्रोधावेश में व्यक्ति बद से बदतरता में भी, प्रतिपक्षी से कम नहीं उतरना चाहता।

अविवेक - क्रोध सर्वप्रथम विवेक को नष्ट करता है क्योंकि विवेक ही क्रोध की राह का प्रमुख रोडा है। यहाँ तक कि क्रोधी व्यक्ति स्वयं का हित-अहित भी नहीं सोच पाता।

असहिष्णुता - क्रोध परस्पर सौहार्द को समाप्त कर देता है। यह प्रीती को नष्ट करता है और द्वेष भाव को प्रबल बना देता है। क्रोध के लगातार सेवन से स्वभाव ही असहिष्णु बन जाता है। इस प्रकार क्रोध, वैर की अविरत परम्परा का सर्जन करता है।

उद्वेग - क्रोध उद्वेग का जनक है। आवेश, आक्रोश एवं क्रोध निस्तार से स्वयं की मानसिक शान्ति भंग होती है। जिसके परिणाम स्वरूप तनाव के संग संग, मानसिक विकृतियां भी पनपती है। इस तरह क्रोध जनित उद्वेग, अशांति और तनाव सहित, कईं शारीरिक समस्याओं को भी जन्म देता है।

पश्चाताप - क्रोध सदैव पश्चाताप पर समाप्त होता है। चाहे क्रोध के पक्ष में कितने भी सुविधाजनक तर्क रखे जाय, अन्ततः क्रोध घोर अविवेक ही साबित होता है। यह अप्रिय छवि का निर्माण करता है और अविश्वसनीय व्यक्तित्व बना देता है। अधिकांश, असंयत व्यक्ति अनभिज्ञ ही रहता है कि उसकी समस्त परेशानियों का कारण उसका अपना क्रोध है। जब मूल समझ में आता है सिवा पश्चाताप के कुछ भी शेष नहीं रहता।

सीखना की भावना हो तो सीख हर कदम पर ऊँगली थामने को खड़ी है  …… 

लेखागार