Subscribe:

Ads 468x60px

कुल पेज दृश्य

गुरुवार, 6 दिसंबर 2012

प्रतिभाओं की कमी नहीं अवलोकन 2012 (5)



(पिछले वर्ष के अवलोकन को एक अंतराल के बाद हमने पुस्तक की रूपरेखा दी ..... इस बार भी यही कोशिश होगी . जिनकी रचनाओं का मैं अवलोकन कर रही हूँ , वे यदि अपनी रचना को प्रकाशित नहीं करवाना चाहें तो स्पष्टतः लिख देंगे . एक भी प्रति आपको बिना पुस्तक का मूल्य दिए नहीं दी जाएगी - अतः इस बात को भी ध्यान में रखा जाये ताकि कोई व्यवधान बाद में ना हो )


हम कल सहज थे 
पर और और और की चाह में 
हम असहज हो गए !
छोटे से घर में 
कोई समस्या नहीं थी 
जितने कमरे बढे जितनी सुविधाएँ बढीं 
उतनी ही समस्याओं की बुलंद दीवारें खड़ी हो गयीं ...

समस्या की एक बानगी डॉ मोनिका शर्मा ने प्रस्तुत किया वर्ष के फड़फड़ाते पन्नों पर -

तकनीक ने जीवन को जितना सरल किया है उतना ही उलझाया भी है। यंत्रवत हो चले  जीवन से संवेदनाएं कुछ यूं गुम हुई हैं कि हम अपने मन की कहने और अपनों के मन की सुनने के बजाय मात्र एक आभासी उपस्थिति दर्ज करवाने के आदी हो रहे हैं। आपाधपी भरे आज के जीवन में यूँ  तो सभी की दिनचर्या व्यस्त है ही ।  अपने रोजमर्रा के क्रियाकलापों के अलावा मिलने वाले समय में भी अगर घर-परिवार के लोगों में संवादहीनता की स्थिति आ जाये तो संबंधों में साथ रहते हुए भी दूरियाँ अपनी जगह बना ही लेती हैं। 

परस्पर संवाद की कमी और एकाकीपन की इस जीवनशैली को बढावा देने में अपनों को छोड़ सारे संसार के साथ बना आभासी संबंध काफी हद तक जिम्मेदार है। जिसके चलते हम सबने अपने वास्तविक परिवेश को छोड़  एक अलग ही दुनिया बसा ली है । जिसके कुछ परिणाम तो हम सबके समक्ष  हैं और कई सारे आने वाले समय में हम सबके सामने होंगें ।  समय के साथ बदलते हुए तकनीक को अपनाना, उसे जीवन में स्थान देना अनुचित नहीं है । लेकिन उपकरणों के मायावी संसार में हमारा अपना मन-मष्तिष्क ही एक उपकरण बन कर रह जाये, यह तो निश्चित रूप विचारणीय है । हमारी इस तकनीकी जीवनशैली ने सबसे ज्यादा पारिवारिक संवाद पर प्रहार किया है । हम मानें या ना मानें आपसी रिश्तों में एक अघोषित अलगाव की स्थिति बन गई है। 

जिस तरह ईंट पत्थर से बना मकान तब तक घर नहीं बनता जब तक उसमें बसने वालों की भावनाएं और संवेदनाएं वहां अपना डेरा नहीं जमातीं । ठीक उसी  तरह आपसी संवाद के बिना रिश्ते भी नाम भर को रह जाते है । जिनमें  ऊपर से सब ठीक  ही दिखता  है पर भीतर बहुत कुछ अनमना सा, बेठीक सा होता है । आज की तथाकथित आभासी जीवनशैली इसी असमंजस और अलगाव को दिनोंदिन और पोषित  कर रही है । तकनीकी संवाद ने परिवार और समाज की सामूहिकता को विखंडित कर हमें संवेदनहीन सा बना दिया है । 

आभासी संसार का बढ़ता समुदाय हमें लोगों से जोड़ रहा है या अपनों  से तोड़ रहा है यह समझने का समय किसी के पास नहीं। आस-पड़ौस और रिश्तेदारी का दायरा तो अब पूरी तरह सिमट गया है । जिस तरह हम इस आभासी संसार में खो रहे हैं लगता है कि जल्दी ही विकसित देशों की तरह हमारे  यहाँ भी घर के लोगों का आपसी संवाद स्क्रीन की दीवार पर लिखे शब्दों के माध्यम से हुआ करेगा। आगामी पीढियां सामाजिक -पारिवारिक संबंधों के प्रत्यक्ष संवाद  से तो अपरिचित ही रहेंगीं । यूँ भी अब हमें प्रत्यक्ष संवाद सुहाता ही कहाँ है ? आभासी संसार वाले कुनबे के सदस्यों की तरह बात हो तो सिर्फ खूबियों की हो । अपनी खामियों के विषय में सुनने और  समझने का धैर्य तो हम कब का  खो चुके हैं ।

आज  के दौर में हमारे पास एक दूसरे  को जानने -समझने के जितने साधन बढे हैं उतने ही हम अजनबी हो गए हैं। यकीन मानिये अब तो हम सब स्वयं को भी पहले से कम ही पहचानते हैं ।

पहचानते भी हैं या नहीं 
कौन जाने 
सन्नाटा इतना बिखरा है 
कि खामोशी भी कुछ नहीं कहती ................. हो गई है एक गुल्लक सी ज़िन्दगी मधुरेन्द्र मोहन पाण्डेय की कलम से 



आज फिर एक दिन का खर्चा है
आज फिर एक नोट कम होगा।
ज़िंदगी की सुनहरी गुल्लक से
खाली से दिन का बोझ कम होगा।

ऐसे खर्चे है रोज दिन का नोट
हाथों से बस फिसल गया जैसे।
आदतन खूब संभाला उसको,
वक्त का नोट उड़ गया जैसे।

फिर से गुल्लक को लेके हाथों
उम्र का वजन तौलना होगा।

नोट तो रोज़ खर्च होता है
बदले में मिल गए मुझे चिल्लर
शाम को घर पे अपनी गुल्लक में
डाल देता हूं यादों के चिल्लर

और मैं देखता हूं गुल्लक को
आज तो कुछ वजन बढ़ा होगा।

ऐसा ही एक वक्त आएगा
नोट सारे ही खर्च होंगे जब,
सिर्फ यादों के ढेर से सिक्के
मेरी गुल्लक में ही रहेंगे तब

खूब खनकाउंगा मैं वो गुल्लक
उससे सांसों का बोझ कम होगा।

सारे नोटों के खर्च होने पर
सिक्को से भर चुकी हुई गुल्लक।
वक्त की बेरहम सी ठोकर पर
फूट जाएगी सुनहरी गुल्लक।

सारे चिल्लर बिखर से जाएंगे
दोस्तों को भी तजुर्बा होगा।

फूटते ही सुनहरी गुल्लक के
लोग लूटेगें उसकी कुछ बातें,
कुछ की आंखों से अश्क छलकेंगे
कुछ के दिल को मिलेगी सौगातें।

एक गुल्लक मिलेगी मिट्टी में
सबके हाथों में कुछ ना कुछ होगा।

क्या होगा वह कुछ ? रेत सी ज़िन्दगी फिसलने को आतुर और हम तठस्थ हैं आकाश के पार के सत्य से मिलने को ! कुछ ख्वाब,कुछ प्रश्न,कुछ अटकलें आकाश मिश्रा के साथ -

“आकाश” के उस पार ,
कुछ छिपा हुआ सा है शायद ,
चलो घूमकर आते हैं ,

खिलती मुस्कानों के पीछे ,
कुछ दबा हुआ सा है शायद ,
चलो देखकर आते हैं ,

गहरा घुप्प अँधेरा है ,
पर एक किरण झिलमिल सी है ,
उसे उठाकर लाते हैं ,

नफरत तो काफी देख चुके ,
कुछ प्यार बचा है थैली में ,
आओ उसको फैलाते हैं ,

बादलों की ओट में ,
कोई रूठकर बैठा है शायद ,
जाकर उसे मनाते हैं ,

“आकाश” के उस पार ,
चलो घूमकर आते हैं ||.................................. इसी काल्पनिक खोज में होती है जिजीविषा, जिसके साथ नया सूरज निकलता है नई संभावनाओं के अनगिनत आयाम लिए ....

बुधवार, 5 दिसंबर 2012

प्रतिभाओं की कमी नहीं अवलोकन 2012 (4)



(पिछले वर्ष के अवलोकन को एक अंतराल के बाद हमने पुस्तक की रूपरेखा दी ..... इस बार भी यही कोशिश होगी . जिनकी रचनाओं का मैं अवलोकन कर रही हूँ , वे यदि अपनी रचना को प्रकाशित नहीं करवाना चाहें तो स्पष्टतः लिख देंगे . एक भी प्रति आपको बिना पुस्तक का मूल्य दिए नहीं दी जाएगी - अतः इस बात को भी ध्यान में रखा जाये ताकि कोई व्यवधान बाद में ना हो )

सुबह आती है 
पूरा दिन अपने साथ दौड़ता है 
रात सिरहाना बन पास आती है 
पर ..... एक दहशत हर आहट के संग चलती है 
आतंक के स्वर गुलमर्ग में ही नहीं 
अपने आस पास हैं !
कारण की कोई ज़रूरत नहीं 
मारना है, अपहरण करना है 
तो बिना कारण सब संभव है ....... 

इसी भय का एक अंश भावना पाण्डेय अपनी कहानी में लेकर आई हैं -

"खोलो दरवाजा "

बहुत सी बातें ... मन में चल रही है ,.फिलहाल एक हादसा जो हों सकता था मगर अच्छा हुआ जो होते होते रह गया उसे लिख रही हूँ...क्या पता ..कोई... कहीं ...सतर्क हों जाय..
.
      कल बड़ा गजब हुआ...पूरी बिल्डिंग में सिर्फ हम और रूद्र ही .दिन के करीब सवा बजे होंगे .गुडगाँव में चाचा  जी (ससुर जी )स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं जान कर तसल्ली हुई ,ऊपर वाले का शुक्रिया किया .और लग गई घर के काम निपटाने में ..आखिर में सीढ़ियों पर नीचे नजर डाली बड़ी गन्दी हों रही थी ...सीढियां बुहारते किरायेदार के दरवाजे पहुंची ..उफ्फ़।।। दरवाजा बंद  था मगर अजीब सी गंध ने जी खराब कर दिया .जलदी जलदी बुहारा और चली आई .रूद्र को टी वी देखना पसंद है मगर आज कल उस पर पाबन्दी  है (आँखें  कमजोर हों रही है ) इसलिए वह बेचारा अपने अदृश्य दोस्तों के साथ जंगल  सफारी खेल रहा था .तरस आ गया और  टी वी खोल दिया .रूद्र बहुत खुश हों गया .तभी बेल बजी और देखा जमादार खड़ा था ."कूड़ा दे दो ...." 
    "हम्म...भईया सुबह आ जाया करो ".कूड़ा दिया और आदतन जाली पर चिटकनी लगा दी खाना बना  ही रही थी की जोर दार आवाज हुई मानो कई  बम फूट रहे हों  ,भाग कर बालकोनी पहुंची सामने बनते विशाल मकान में ठेकेदार एक के बाद एक सामान दूसरे माले से नीचे फिंकवा रहा था .इतना शोर ...मैंने बालकोनी के दरवाजे खिड़की सब बंद कर दिए .सीढ़ी की तरफ का दरवाजा बंद करने आ ही रही थी की किसी ने जोर जोर से जाली पर हाथ मारना शुरू कर दिया था ...मैं चिढ गई थी ...दरवाजा पीटना सख्त ना पसंद है..बेल किसलिए  लगाई है ...लोगों को दिखती नहीं है क्या ...इस सोच से गन्दी सी शक्ल लिए (जब चिढ  जाती हूँ तो उस वक्त बिन मेकप हीरोइन  जैसी दिखती हूँ ) दरवाजे पर पहुंची तो देखा दो  सांवले गठीले  से  लम्बे लड़के सामने खड़े थे ,मैं कुछ बोलती उस से पहले उसने फिर जाली पीट ते हुए कहा "खोलो दरवाजा " मेरा हाथ चिटकनी पर गया ही था की अचानक हाथ वहीँ रुक  गए ऐसे लगा जैसे की कोई बोला "ये क्या कर रही हों ... पहचानती हों कौन हैं ये ?" मैं चैतन्य हों गई और कुछ पूछती  इस से पहले उस लड़के ने फिर बड़ी जोर से जाली पीटी ..इस बार लगा की अब जाली टूट जायेगी  .लड़का बोला  "चौधरी  को बुला बाहर  ", मैंने बोलना शुरू किया "यहाँ कोई चौधरी नहीं .र.. " दूसरा जो कुछ नीचे खड़ा था बात पूरी होने से पहले जोर से दहाडा "दरवाजा खोल " सुनते ही पता नहीं  क्या हुआ ...मैंने भी बेहद  ऊंची आवाज में  कहा  " बुलाऊँ  पोलिस को "
      तब साथ खड़े  लडके को बोलते हुए  "चल, चल, यहाँ चौधरी नहीं है "  तुरंत नीचे भागा और मैं दरवाजे पर एकाएक घटी इस घटना पर सन्न खड़ी थी  ".ये हुआ क्या  और मैंने कहा  क्या   "  सही में ...कुछ पल तो वहीँ खड़ी रह गई  ...फिर जैसे ही सामान्य हुई तुरंत दरवाजा बंद किया .और झट पट नवीन जी को फोन मिलाया ....आउट  ऑफ़ कवरेज ...फिर  ... बालकोनी का दरवाजा खोला ,झाँका ..देखा कुछ दूरी पर  ठेकेदार  ,मजदूर और जमादार आपस में बात कर रहे हैं...किरायेदार की बेटी ,दूर ...सड़क पर इस और आती दिखी ...मगर वे लडके कहीं  नहीं दिखे. मैं अन्दर चली आई ... रूद्र बोला "माँ देखो... बाल हनुमान आ रहा है...देखने दोगी ना ..प्लीज माँ ...प्लीज प्लीज " ,"ठीक है.. देख लो "कह कर बड़ा सा ताला ले कर नीचे गई ,किरायेदार की बेटी को अन्दर किया और मेनगेट पर  ताला लगा दिया .ऊपर आई तो नेट पर बहन ऑनलाइन थी उसकी चैट  रिंग बज रही थी ..उसे सब बताया ...वो बोली "बड़ी डरपोक हों यार ...अरे तुमसे पहले कोई रहता होगा यहाँ पर..उसका कोई मामला होगा  " ,"हम्म...हों सकता है " कह कर ये बात यहीं ख़तम हों गयी . शाम को मैंने आस पास जा कर पता किया तो पता चला की इस लाइन में क्या इस कालोनी में कोई चौधरी परिवार कभी नहीं रहा .....:(


दहशत में टुटा आदमी चलता है, बुनता है सपने,कहता है खुदा से अपनी बात .... देवांशु निगम ने धरती के कुछ स्पर्श मांगे हैं - कुछ इस तरह 


मुझे भीष्म की तरह इच्छा-मृत्यु नहीं चाहिए,
ना चाहिए कोई जीवेत शरदः शतं का वरदान,
गर दे सकता है तो खुदा मुझे नेमत दे ,
लम्हों को रोक सकने की!!!
वो एक लम्हा जब वो मेरे सबसे करीब हो,
मैं उसकी धड़कन सुन सकूं ,
उसे भी मेरे साँसें सुनाई दे रही हों,
हाँ बस वही लम्हा, थाम लूं, फ्रीज़ कर दूं |
और जब वो लम्हा गुज़रे ,
फिर गर तू मौत भी बख्शे तो नूर समझूंगा|
तू ही बता जब जिन्दगी खुद लम्हों में जीती है ,
तो क्या ज़रुरत है मुझे सौ बरस जीने की !!!!

यथार्थ के परिधान में लिपटा सत्य करता है आगाज़ रवि शंकर पाण्डेय की कलम से -

मै डरता हूँ पूर्वी वयार से 
  उन फूलों से 
 जो दोगले चरित्र का निर्माण करतें है 
दंभ भरतें हैं 
 यथार्थ को काटते है अपनी सुगंध से 
 सुगंध की दुनियां ख़्वाबों की दुनियां
  मित्र लौटो और देखो 
कैक्टस भी खड़ा है 
 नागफनी भी अड़ा है 
 फूलोँ का तो मौसम है 
 उसकी एक जात है 
 उसका व्यक्तित्व ऋतु चक्र की तरह बदलता है 
 उसकी एकता में भिन्नता है 
और मै 
 ऋतुओं से मुक्त 
 अपने ठेढ़ेपन में मस्त 
 अपने से होता त्रस्त
 अड़ा हूँ समस्याएं लिए 
मै ही तुम हो 
 मै समाज का नंगा सच हूँ 
 मेरे शारीर पर उगे कांटें 
 जिसे छुने से नारी क्रीडा का एहसास नहीं होगा 
 जिसे देखने से सहवास नहीं होगा 
शायद मै चुभ जाऊं हांथों में 
शायद मै धस जाऊं आँखों में 
इसलिए तुने कभी दृष्टि नहीं डाली 
 जिस दिन जड़ से उखड़ जाउंगा 
 कुछ कर जाउंगा 
 तब तुम्हे इस नंगे सच से अवगत कराऊंगा 
मै ही यथार्थ हूँ 
मै वो फूल नहीं जिसका आख्यान युग युगांतर से किया गया 
मै वो बयार नहीं जिससे चरित्र अपने आप पर शरमाया 
 मै तो अनदेखी अनछुवी बात हूँ 
 आँसुओं से गिरी बूंद हूँ 
 फ़िर भी निराश नहीं कर्मरत तैयार हूँ 
 देखता हूँ समय और समय मुझे 
 जब हम दोनों एक दिशा में होंगें 
 तब नयी दिशा देंगें 
 एक नए समाज की जो तंत्रों से मुक्त 
 मानवीयता से युक्त 
 तब मानव पैदा होंगें 
 मानवतावाद  में तब्दील होगा राष्ट्र 
 और फिर से जन मन गण होगा 
 नये  विश्व की स्थापना करेंगे 
 मानवतावाद के लिए मरेंगे 
करेंगे प्रतिवाद 
उस वाद का जो संवादों से रिक्त हो 

भय,चाहत,परिवर्तन के आगाज़ हमेशा साथ साथ चलते हैं - विरोधाभासित स्थितियां,प्रतिकूल परिस्थितियाँ ही अनुकूलताओं को जन्म देती हैं ....

लेखागार