Subscribe:

Ads 468x60px

कुल पेज दृश्य

बुधवार, 12 दिसंबर 2012

प्रतिभाओं की कमी नहीं अवलोकन 2012 (10)



सारे बक्से खोलकर बैठी हूँ 
दिनों से महीनों से या वर्षों से .... मैं खुद भी नहीं जानती !
सारे देवी देवताओं को गुनती हूँ (किसे कम मान लूँ!)
सभी रिश्तों को सोचती हूँ 
और यहाँ रचनाओं के हर बक्से से कोई मुझे बुलाता है 
खुद में सहमी रहती हूँ ....
भूले से किसी को भूल गई तो !!!
भगवान् असमर्थ हो जाते कई बार 
मैं तो भगवान् की एक सूक्ष्म कृति हूँ 
तो मुझसे शिकायत मत रखना 
एक सच बताना -
जो भी मैं लायी हूँ 
वे असली नगीने हैं न ?


यादो के दिए फिर से जल गए 
आज अचानक से एक मोड़ पर 
वो फिर से मिल गए 
एक वक्त के लिए सब ठहर गया 
बस हवा चलती रही  ,,,और झोंको से मैं
 खिसकती रही उनके पास 
आँखे तो एक टक उन्हें देखती ही रह गई
और इन खुली आँखों में यादो की वो तस्वीर सी चल गई 
वो पहली मुलाकात से लेकर जुदाई
 तक की सारी यादे घूमने लगी 
सहसा एक दुसरे की मिली जो नजर 
लब थे खामोश पर बाहें मिलने को बेसबर 
वो प्यार के हरपल याद आने लगे 
वो रूठना - मनाना 
वो चीखना - चिल्लाना 
वो हँसना - मुस्कुराना 
सहसा वो गीत भी कानो में गुजने लगा 
जो उसने गाए थे कभी सिर्फ मेरे लिए 
"अभी न जाओ छोड़कर के दिल अभी भरा नहीं"...
वो मेरी तस्वीर जो उसने बनाई थी कभी ,,,,,
जिसे वक्त के दर्द ने और उसकी जुदाई की तड़प ने
धुमील सा कर दिया ,,
आज वो आँखों के सामने रंग बिखेरते से लगे....
उनको देखा तो सब कुछ सुहाना सा हो गया 
काली स्याह रात में भी रोशनी छाने लगी
पर हवाओ के साथ उडता एक तिनका आया
जिसके स्पर्श ने मुझे झकझोर कर रख दिया 
और आज के हकीकत से मिला दिया 
की ये वही शख्स है 
जिसने स्वार्थ और बड़प्पन में तुझे भुला दिया था,,,
क्या करती मै अपनी सारी यादों और खुशियों 
को समेट कर रास्ता बदलने के सिवाय 
क्या करती मैं ???? 

हवाओं की टूटी पेंसिलें 
टूटे चित्र आँकती है तन पर 
काली स्याही से रंगे सोचों की 
साबुत सी प्रदर्शनी लगा ली...
...........
इक तू सजेगा और इक मैं 
पन्नों की दीवारों पर 
कोरे दिलों की लगेगी बोलो ,
नीलामी दो उम्र की होगी.....
..............

आज मदर्स डे नहीं है, फिर भी...

(
(शेखर सुमन)

       माँ, पता नहीं क्यूँ आज आपकी बहुत याद आ रही है, मुझे पता है आपसे मिलकर भी आपसे कुछ नहीं बोलूँगा... लेकिन फिर भी बस आपको देखने का मन कर रहा है... मुझे यूँ टुकड़ों में बिखरता देखकर शायद एक बार, बस एक बार मुझे गले से लगा कर कह दो, कोई बात नहीं विक्रम.. सब ठीक हो जाएगा, मैं हूँ न... मुझे यूँ रात रात भर जागता देखकर शायद आपका दिल भी पिघल जाए, और अपनी गोद में सर रख कर मुझे सोने दो... मुझे तो याद भी नहीं आपकी गोद में सर रखकर पिछली बार कब सोया था, कभी सोया भी था या नहीं... जानता हूँ आप उन माओं की तरह नहीं जो अपने बच्चों से अपना प्यार जतलाती रहती हैं, लेकिन फिर भी... शायद मेरी उचटती नींद को मनाने के लिए एक बार, बस एक आखिरी बार मुझे फिर से उसी सुकून से सोने दो... 
        मेरा बचपन तो बस यूँ देखते देखते ही गुज़र गया, याद है माँ, मैं हमेशा आपका आँचल पकड़े पकड़े चलता था, सब कहते थे मैडम इसको कब तक यूँ ही चिपका कर चलते रहिएगा... आखिर एक दिन आपने मुझसे अपना आँचल छुडवा ही लिया... मुझे आज भी याद है मैं उस दिन कितना रोया था, तब से आज तक बस रोता ही रहा हूँ... न जाने कितनी जगह वही सुकून, वही छावँ ढूँढता हूँ, लेकिन ऐसा कहीं हो सका है भला... यहाँ तो चारो तरफ बड़ी तेज धूप है, मेरा शरीर मेरी आत्मा सब कुछ झुलसी जा रही है... 
      या खुदा तू इस फेसबुक से कुछ सीखता क्यूँ नहीं, देखो न ये कितने परिवर्तन लाता रहता है... और ये टाईम-लाईन  का ऑप्शन तो हमलोग को भी मिलना चाहिए... मुझे देखना है वो वक़्त जब माँ मुझे अपनी गोद में उठाए घूमती होगी, जब पापा की ऊँगली थामे मैंने चलना सीखा होगा... जब मेरे रोने की आवाज़ सुनकर सब मुझे दुलारने लगते होंगे... जब दुनिया की इन समझदारी भरी बातों से मेरा कोई वास्ता नहीं था, जब खुशियों का मतलब केवल माँ की वो मुस्कराहट थी... 
       मुझे शिकायत है तुम्हारी ज़िन्दगी की इस बनावट से... इसमें बैक डोर से इंट्री का कोई ऑप्शन क्यूँ नहीं... ओ खुदा  तुमने "क्यूरियस केस ऑफ़ बेंजामिन बटन" नहीं देखी क्या ?? ऐसा ही कुछ संशोधन अपनी किताब में भी लाओ न... मैं भी यहाँ से रिवर्स में जीना चाहता हूँ... बस अब बहुत हुआ, अब और आगे नहीं जाना... मुझे फिर से माँ की वही गोद चाहिए, पापा के कंधे की सवारी और आस पास मेरा ख्याल रखने वालों की भीड़...
      
       माँ आपकी फेवरेट प्रार्थना याद है न आपको... 
हम न सोचें हमें क्या मिला है,
हम ये सोचें किया क्या है अर्पण,
फूल खुशियों के बांटें सभी को,
सबका जीवन ही बन जाए मधुवन...
अपनी करुणा का जल तू बहाके,
कर दे पावन हर एक मन का कोना..
       ए भगवान् अगर सबको एक न एक दिन मरना ही है तो, मेरी एक आखिरी ख्वाईश कबूल कर लो न प्लीज.... माँ का आँचल पकडे ही मैं अपनी सांस की आखिरी गिरह खोलना चाहता हूँ...

क्या तुम्हें याद है....?(रश्मि तारिका)


             क्या तुम्हें याद है....?
क्या तुम्हें याद है उस दिन की वो हसीं शाम
जब तेरे साथ चंद  पलों को जिया था
जब लहरों की अठ्केलिओं को
एक दूजे के मन से निहारा था
जब तेरे कंधे पर सर रख कर
डूबते  सूरज को देखा था .....
डूबते सूरज ने जैसे कुछ इशारा किया था

हमसे उसने फिर आने का वादा किया था
उसी सूरज की लाली जैसी तेरी सुर्ख आँखे थीं
उन आँखों में कुछ शरारत सी थी
महकती  मदमस्त हवा थी मदहोश समां था
धडकनों पे हमारी इख्तियार न था
कभी पहले यूँ दिल बेक़रार न था
क़स कर  हाथ मेरा तुने थाम लिया था
बिन कहे ही बहुत कुछ जान लिया था
लहरों से भीगी किनारे की रेत थी.......
खामोश अलसाई सी हमारी चाल थी
हम  एक दूजे की बाहों में खोये  से थे
काश ये पल ये वक़्त यही रुक जाये
हम सदा एक दूजे के हो जाये
बिन कहे ही एक दूजे से वादे लिए थे
''खुदा ''से बस ये ही  एक दुआ की थी
बिखरी चांदनी की गवाही ली थी
तारो से भी साथ देने की ताकीद की थी
खामोश सागर से एक इल्तिजा की थी
गर तुझे भी प्यार है अपनी  लहरों से
गर जनता है तू भी प्यार की गहराई को
दुआ करना न  सहना पड़े कभी जुदाई को
जुदा गर हम हो गए तो दोष किसे देंगे
खुद को,''खुदा'' को या ''उसकी खुदाई '' को ?


एक रोज़ कभी मिलना ...

सोचेंगे , कहाँ , कैसे
दीवारें उग आयीं !
देखेंगे गए वक़्त की
धुंधलाती सी परछाईं .

एक रोज़ कभी मिलना .

शायद बहुत ज़रूरी था
दूरियों का आना ...
और हाथ भर की दूरी से
खुद को देख पाना .

एक रोज़ कभी मिलना .

अभी जेहन में ताज़ा है
खरोंच , ठहर जायें ..
कुछ वक़्त गुज़र जाए
कुछ हम भी संभल जायें

फिर एक रोज़ ...

...... कभी मिलना .

मंगलवार, 11 दिसंबर 2012

प्रतिभाओं की कमी नहीं अवलोकन 2012 (9)



एक एक कदम पर अनगिनत अद्भुत प्रतिभाएं .... मन ने कहा है सबसे 

कठिनाइयों को कागज़ बना .... चलो नाव बनाते हैं 
आंसुओं से बनाये अपने अपने समंदर में चलाते हैं ...
यूँ समंदर तो हमने बखूबी बना लिया है 
मोती बनाये या नहीं 
डुबकी लगा देख लेते हैं 
ख्वाहिशों की मछलियाँ भी हमने बहुत पाली हैं 
सौन्दर्य आत्मसात किया या नहीं 
चलो देख लेते हैं 
लहरों की जिजीविषा में संजीवनी है या नहीं 
जान लेते हैं 
खारे आंसूओं से नमक बना 
स्वस्थ मासूम दोस्ती की शुरुआत करते हैं 
आओ एक दूजे को रौशनी थमाते हैं ....

तो इस रौशनी में देखिये मिलिए = पढ़िए,पर आखिरी मुलाकात मत कहिये 

ये जो है ज़िंदगी...: आखिरी मुलाक़ात(अंकिता चौहान)

देखा था उसे आखिरी बार 
एक नदी के किनारे पर खड़े हुए
एक महानगर में बहती हुयी नदी
अपने अस्तित्व को बचाती
जूझती नदी
जो पहुची थी यहाँ
न जाने कितने पहाड़ों को पार करती 
एक गूंज थी उसमे
जब वो पहुची थी यहाँ कलकल करती हुयी
पर शहर की सडको से गुजरकर
उसकी हवा में साँसे लेकर 
उसका दम घुटने लगा
जो कारवां सागर तक जाना था
वो बीच सफ़र में दम तोड़ने लगा
उसी नदी के किनारे पर
खड़े हुए देखा था उसे आखिरी बार

मैंने जब आगे बढकर
उसके कंधे पर हाथ रखा
चोंक कर देखा था उसने पलटकर
उसकी आँखों में उस मरती हुयी नदी की
छाया बसी थी
जिसे देख कर दहशत सी होने लगी
मेरे कुछ कहने से पहले ही 
वो बोल पड़ी 
तुम्हे यहाँ नहीं आना था
और ये कहते हुए उसकी आँखे 
सुदूर आसमान में
बिखरे बादलों के एक टुकड़े पर जाकर रुक गयी
फिर उसने कुछ कहा
और कहते कहते वो मुझसे दूर चलती गयी
हम दोनों कितने एक जैसे लगते है न
ये नदी और मैं
अपने अंदर सब कुछ समेटते हुए 
बस हम आगे बढते रहे
हम दोनों
पर अब लगता है जैसे
साहस नहीं रहा
ये हवाएं दम क्यूँ घोटने लगी हैं 
हम अब अतीत की छाया बन कर रह गए है
अपने अवसान की ओर अग्रसर हम दोनों 
एक ही अंत की ओर बढ रहे हैं
उसकी आँखों में एक वहशत सी थी
मैंने उसे पुकारा फिर से 
पर वो नहीं रुकी
बस वही सुने थे 
उसके आखिरी शब्द
और आखिरी बार उसे वही देखा था....


द्वापर में यक्ष ने प्रश्न किया
युद्धिष्ठिर से 
और जी उठे कालक्रम में पाण्डव
श्राप मुक्त हो गया यक्ष,



आज समय ने यक्ष से
प्रश्न किया
वत्स!
एक लबालब दूध से भरे पात्र से
एक लबालब भरे दूध के पात्र को
एक लबालब भरे दूध के पात्र में
रिक्त करें,

किन्तु स्मरण रखें
दूध छलके नहीं
दूध ढलके नहीं,
न आप पीयें
न आप गिरायें
न किसी को दें
न ही ढलकायें,
अन्यथा 
परीक्षा का परिणाम
हर युग में एक ही होता है

आज प्रश्न पर
न जाने क्यों?
मौन हो गया यक्ष,

पेड़ की ओट से 
एक बालक 
प्रश्न को सुन रहा था
मन ही मन 
कुछ ताने बुन रहा था

बालक ने झट
यक्ष और समय से 
प्रश्न किया
तात!
एक रिक्त पात्र को
एक दूसरे रिक्त पात्र में डुबाकर
एक अन्य रिक्त पात्र को 
दूध से भरें

स्मरण रखें नियम
द्वापर की भांति 
आज भी जस का तस है 
न कहीं कुछ छलके
न कहीं कुछ ढलके
न किसी से लें
न कोई दे
समय और यक्ष
प्रश्न पर बालक के
आज क्यों मौन हैं?
प्रश्न क्यों अनुत्तरित रह गया?

ज़िन्दगीनामा: जंगल(निधि टंडन)

जंगल....

बिलकुल तुम्हारी आँखों जैसे हैं..

मुझे बुलाते हैं बड़ी शिद्दत से.....

ये अपने करीब.


इनमें जाने का भी मन करता है 

डर भी लगता है 

कि,

कहीं....

रास्ता ही न भूल जाऊं मैं 

ताउम्र ,भटकती ही न रह जाऊं मैं .



हमसफ़र शब्द: और अब कैद में है(संध्या आर्य)

वर्षों तक एक ही शब्द के जिस्म में पनाह ले रखी थी 
और बाहर महंगाई काट रही थी अक्षरों को 
पन्नों पर स्याही बिखरने लगा था और हम थे कि 
शुतुर्मुग की तरह  
तुफान न होने की सम्भावाना को बनाये रखने के लिये 
सिर छुपाये बैठे थे 

कहर कुछ इसतरह बरपा था कि 
सम्वेदनायें शाखो से कट कटकर गिर गई थी और 
हम ठूंठ पेड़ को 
समझ बैठे थे अपना घर
पन्नों के हिस्से में थी प्यास जो खाली था  
उसे पढने के लिये ज्ञान की नही 
बल्कि दिल की जरुरत थी  

वह घर जो सफ़र में छूट गया था अकेला 
अब वह किताबों से भरा पड़ा है 
और हम भटक रहें शब्दों के भीड़ में 
उसका मिलना 
किताबो के बीच सूखें फूल की खुशबूओ की तरह है  
जिसे ना कोई किताब 
ना वक्त ही कैद कर पाया 
वह उड़ता रहा हम भटकते रहे 
और अब कैद में हैं
सजे-सँवरे किताबों के बीच !!

लेखागार